मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से एक बेहद अजब-गजब और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल, महाराजा यशवंतराव (एमवाय) अस्पताल की नई ओपीडी (OPD) में मंगलवार सुबह डॉक्टरों और मरीजों के पहुंचने से पहले ही एक बिन बुलाया ‘विशिष्ट मेहमान’ आ धमका. ओपीडी का दरवाजा खुलते ही टेबल-कुर्सी के पास एक लंबा सांप रेंगता हुआ दिखाई दिया, जिसे देखकर ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए.
8 बजे खुला ताला और सामने था सांप
रिपोर्टर जय व्यास की रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार सुबह ठीक 8 बजे जब ओपीडी शुरू होने से पहले सुरक्षा गार्ड्स ने ओपीडी का दरवाजा खोला, तो नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. डॉक्टर की कुर्सी और मरीजों की कतार लगने वाली जगह के पास फर्श पर एक सांप आराम से टहल रहा था. गनीमत यह रही कि उस समय ओपीडी में मरीजों की भीड़ जमा नहीं हुई थी, वरना भगदड़ मच सकती थी.
फर्श पर देर तक करता रहा ‘मॉर्निंग वॉक’
सांप निकलने के बाद ओपीडी परिसर में सनसनी फैल गई. सांप काफी देर तक ओपीडी के चिकने फर्श पर रेंगता और इधर-उधर घूमता रहा. वहां मौजूद कर्मचारियों ने इस अजब-गजब नजारे का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में सांप बिना किसी डर के ओपीडी के अंदर घूमता नजर आ रहा है.
जैसे-तैसे सांप को खदेड़कर निकाला बाहर
सांप की मौजूदगी से अस्पताल में हड़कंप मच गया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत डंडे और उपकरणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित ओपीडी परिसर से बाहर खदेड़ा. सांप के बाहर जाने के बाद ही अस्पताल स्टाफ और वहां पहुंचे शुरुआती मरीजों ने राहत की सांस ली और ओपीडी का कामकाज शुरू हो सका.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


