Bharat Express DD Free Dish

क्या आप भी हैं अकेले? मुंबई के बीच पर शख्स ने खोला ‘दुख सुनने’ का अनोखा स्टार्टअप, जानकर हो जाएंगे दंग

मुंबई के पृथ्वीराज बोहरा का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने दुख सुनने का रेट कार्ड बनाया है. मामूली दुख से लेकर साथ रोने तक के लिए उन्होंने अलग-अलग चार्ज रखे हैं.

Ajab Gajab viral startup

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में इंसान के पास सब कुछ है, बस एक चीज की कमी है. कोई ऐसा जो उसकी बात सुकून से सुन सके. इसी बात को भांपते हुए मुंबई के एक शख्स ने ऐसा ‘बिजनेस आइडिया’ निकाला कि सोशल मीडिया पर लोग अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं. आपने समोसे, चाय और चाट के रेट कार्ड तो बहुत देखे होंगे, लेकिन क्या कभी ‘दुख सुनने’ का रेट कार्ड देखा है? जी हां, सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स हाथ में पोस्टर लेकर लोगों का दर्द बांटने (पैसे लेकर) का दावा कर रहा है.

दुख के हिसाब से तय हैं दाम

वायरल वीडियो में दिख रहे इस शख्स का नाम पृथ्वीराज बोहरा है. मुंबई के एक समुद्र किनारे (Beach) पर पृथ्वीराज एक अजीबोगरीब बैनर लेकर खड़े नजर आए. बैनर पर लिखा था, “अगर किसी को अपना दुख सुनाना है, तो मैं सुन सकता हूं.” अब आप सोच रहे होंगे कि इसमें अनोखा क्या है? असली खेल तो इसके नीचे लिखे ‘रेट कार्ड’ में है.

पृथ्वीराज ने दुख की गंभीरता के हिसाब से पैसे तय कर रखे हैं. मामूली दुख सुनाने के लिए 250 रुपये, बड़ा दुख सुनाने के लिए 500 रुपये. वहीं, अगर आप चाहते हैं कि वो आपके साथ बैठकर रोए, तो लगेंगे पूरे 1000 रुपये!

ऑफिस जैसा वर्क शिफ्ट

पृथ्वीराज ने अपने इस काम के लिए बाकायदा ऑफिस जैसा समय भी तय किया है. बैनर के मुताबिक, वह सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक लोगों की बातें सुनने के लिए उपलब्ध रहते हैं. जब एक राहगीर ने उनसे मजे लेते हुए पूछा कि “क्या सच में आपके पास लोग आते हैं?” तो उन्होंने बड़े आत्मविश्वास से जवाब दिया कि “हां, बहुत लोग आते हैं.”

पृथ्वीराज खुद को साइकोलॉजी और फिलॉसफी का जानकार बताते हैं और उनका दावा है कि वह लोगों की परेशानियों का समाधान भी कर देते हैं. हालांकि, उनके इंस्टाग्राम प्रोफाइल को खंगालने पर पता चला कि वह एक एक्टर, कॉमेडियन और स्टेज आर्टिस्ट भी हैं. ऐसे में यह कहना मुश्किल है कि यह उनका कोई सीरियस स्टार्टअप है या फिर महज एक प्रैंक वीडियो, लेकिन लोगों को यह ‘बिजनेस मॉडल’ खूब पसंद आ रहा है.

सोशल मीडिया पर आई कमेंट्स की बाढ़

इंटरनेट पर यह वीडियो आग की तरह फैल गया है. लोग इस पर मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, “भाई ने तो सीधा ‘इमोशनल आउटसोर्सिंग’ का धंधा ही खोल दिया!” वहीं दूसरे ने चुटकी लेते हुए कहा, “मेरे पास तो इतने दुख हैं कि इसके रेट के हिसाब से मुझे होम लोन लेना पड़ जाएगा.”

ये भी पढ़ें: ऑफिस मीटिंग में फेस पैक लगाकर आई महिला कर्मचारी, CEO का रिएक्शन देख दंग रह गए लोग; वीडियो वायरल

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read