Mimmy Stranger Viral Story
Mimmy Stranger Viral Story: आज का दौर सोशल मीडिया का दौर है, जहां लोग घंटो रील्स को स्क्रॉल करने में बिता देते हैं. वहीं सोशल मीडिया कुछ ही रील्स ऐसी देखने को मिल जाती है जिसकी तारीफ करने से आप खुद को भी नहीं रोक पाते हैं. ऐसा ही कुछ ब्रिटेन की म्यूजिक आर्टिस्ट मिमी स्ट्रेंजर ने किया, उनकी रील जिसने भी देखी हर कोई उनकी तारीफ कर रहा है. दरअसल मिमी स्ट्रेंजर कुछ दिन अपनी मां के घर बिताने के बाद बेडफोर्ड स्थित अपने घर लौटीं, तो उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि उनके बाथरूम में कोई नया परिवार बस चुका है. बाथरूम में रखी उनकी मेकअप किट को दो कबूतरों ने अपना आशियाना बना लिया था. वहां घोंसला तैयार था और उसमें दो अंडे भी थे. मिमी के लिए यह नजारा निश्चित तौर पर हैरान करने वाला था, लेकिन उन्होंने कबूतरों को वहां से भगाने या घोंसला हटाने के बजाय उन्हें वहीं रहने देने का फैसला किया. देखते ही देखते यह अनोखी कहानी उनके लिए एक छोटे से ‘फैमिली प्रोजेक्ट’ में बदल गई.
मेकअप किट बनी नर्सरी, अंडों से निकले दो चूजे
मिमी ने कबूतरों के आने-जाने का रास्ता बंद नहीं किया और उनके अंडों की देखभाल करती रहीं. करीब 19-20 दिन के इंतजार के बाद अगस्त 2026 में आखिरकार दोनों अंडों से चूजे बाहर आ गए. नन्हे मेहमानों को देखकर मिमी की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. उन्होंने दोनों चूजों के नाम ‘प्लक’ और ‘नॉरिस’ रख दिए. इतना ही नहीं, उनके माता-पिता का नाम पहले ही ‘पिजी’ और ‘कीथ’ रखा जा चुका था. ‘नॉरिस’ नाम हॉलीवुड एक्शन स्टार और मार्शल आर्टिस्ट चक नॉरिस से प्रेरित बताया गया है.
‘पिजी’ बनीं अच्छी मां, कीथ जुटाता रहा खाना
मिमी के मुताबिक, पिजी ने एक जिम्मेदार मां की तरह बिना ज्यादा शोर-शराबे के अपने बच्चों की देखभाल की. वहीं कीथ घर से बाहर आता-जाता रहा, ताकि परिवार के लिए खाने का इंतजाम कर सके. लेकिन जैसे-जैसे चूजे बड़े हुए, मिमी के सामने एक नई समस्या खड़ी हो गई. दोनों नन्हे कबूतरों ने बाथरूम में गंदगी फैलानी शुरू कर दी. हालात ऐसे हो गए कि मिमी बाथरूम का इस्तेमाल तक नहीं कर पा रही हैं.
यह भी पढ़ें: ‘गोविंदा को तलाक चाहिए होता तो…’ दूसरी शादी पर मैनेजर का बड़ा बयान, बोले- सुनीता के दिमाग में कुछ चल रहा
‘मैं जुड़वा बच्चों की दादी बन गई’
मिमी को उम्मीद है कि कुछ ही हफ्तों में पिजी, कीथ, प्लक और नॉरिस खिड़की के रास्ते उड़कर अपनी नई दुनिया में चले जाएंगे. हालांकि, वह मानती हैं कि उनके जाने पर उन्हें थोड़ी उदासी जरूर होगी. मिमी ने इस पूरे अनुभव को मजाकिया अंदाज में अपनी ‘दादी बनने’ की कहानी बताया है. उन्होंने कहा कि यह ऐसा रोमांच है जिसकी उन्होंने कभी योजना नहीं बनाई थी, लेकिन अब वह चाहती हैं कि पिजी एक मां के तौर पर अपनी जिम्मेदारी पूरी कर सके.
सोशल मीडिया पर वायरल हुई ‘कबूतर फैमिली’
मिमी ने इस अनोखी जर्नी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए, जिसके बाद यह कहानी वायरल हो गई. लोगों ने चूजों के नामों पर भी खूब मजे लिए. एक यूजर ने सुझाव दिया कि उनका नाम लोरियल और मेबेलिन रखा जाना चाहिए, क्योंकि दोनों की एंट्री ही मेकअप किट से हुई है. कुछ सोशल मीडिया यूरर्स ने घोंसले के आसपास की सफाई की तारीफ तो कुछ लोगों ने कबूतरों को लेकर अपने- अपने आईडिया दिए. तारीफ की बात यह है कि मिमी ने कबूतर को भगाने के बजाय कुछ दिन अपने बाथरुम का यूज करने के बजाय जिम का बाथरुम यूज किया.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

