देश के सबसे अमीर विधायक बने भिखारी!
महाराष्ट्र के घाटकोपर ईस्ट से विधायक पराग शाह इन दिनों एक अनोखे कारण से सुर्खियों में हैं. सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से फैल रहा है, जिसमें वह सड़क पर आम लोगों से भीख मांगते दिखाई दे रहे हैं. खास बात यह है कि पराग शाह देश के सबसे अमीर विधायकों में गिने जाते हैं और उनकी संपत्ति हजारों करोड़ रुपये बताई जाती है. ऐसे में लोगों के मन में सवाल उठ रहा है कि आखिर क्यों उन्होंने यह कदम उठाया.
एक दिन का ‘भिखारी जीवन’
असल में पराग शाह ने तय किया कि वह एक दिन के लिए भिखारी की तरह जीवन जीकर उसका अनुभव करेंगे. इसके लिए उन्होंने अपना रूप बदलकर भिखारी का भेष धारण किया और सार्वजनिक स्थानों पर निकल पड़े. इस दौरान उन्होंने राहगीरों से भीख मांगी और जो भोजन मिला, उसी से अपनी भूख मिटाई. बताया जा रहा है कि यह प्रयोग उन्होंने अपने गुरु नम्रमुनि की सलाह पर किया.
गुरु ने क्या दिया था सुझाव?
जैन धर्म के चातुर्मास के दौरान उनके गुरु ने उन्हें सुझाव दिया था कि समाज के उस वर्ग को करीब से समझने की कोशिश करें, जो रोजाना दूसरों की मदद और भिक्षा पर निर्भर रहता है. इसी प्रेरणा के बाद पराग शाह ने अपने आरामदायक जीवन से हटकर यह अनुभव लेने का निर्णय किया.
भिखारी के वेश में होने के पीछे का कारण?
भिखारी के वेश में होने के कारण अधिकांश लोग उन्हें पहचान नहीं पाए. उन्होंने अलग-अलग जगहों पर जाकर लोगों से भिक्षा मांगी और जो मिला उसे स्वीकार किया. कुछ स्थानों पर उन्होंने अपनी असली पहचान भी उजागर की और बताया कि यह प्रयोग उन्हें जीवन की नई सीख दे रहा है.
समाज की हकीकत को महसूस करना
पराग शाह का कहना है कि इस अनुभव से उन्हें समझ आया कि भिखारियों का जीवन कितना कठिन होता है. रोजाना दूसरों पर निर्भर रहना और सम्मानजनक जीवन जीने की जद्दोजहद उन्हें भीतर तक झकझोर गई.
ये भी पढ़ें-दिल्ली से बिहार तक इंद्रदेव का रौद्र रूप! 17 राज्यों में बिगड़ेगा मौसम का मिजाज, जान लें अपने शहर का हाल
सोशल मीडिया पर लोगों ने क्या कहा?
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग राय देखने को मिल रही है. कुछ लोग इसे आध्यात्मिक और सामाजिक पहल मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे दिखावा बता रहे हैं. लेकिन सबसे दिलचस्प पहलू यही है कि हजारों करोड़ की संपत्ति वाले विधायक ने एक दिन भिखारी बनकर सबको हैरान कर दिया.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
