Unique Theft Varanasi: उत्तर प्रदेश के वाराणसी से चोरी का एक बेहद अजब-गजब और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक चोर ने चोरी के सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए. शोरूम में घुसे इस बेफिक्र चोर ने न सिर्फ वारदात को अंजाम दिया, बल्कि साढ़े चार घंटे तक आराम फरमाते हुए कॉफी पी, वॉशरूम में नहाया और बाकायदा लुंगी डांस भी किया.
वाराणसी के मंडुआडीह में एक ऑटोमोबाइल शोरूम में चोर ने कांच का दरवाजा काटकर प्रवेश किया. अंदर करीब साढ़े 4 घंटे रुककर उसने कॉफी पी, वॉशरूम में स्नान किया, गीले कपड़े सुखाए और म्यूजिक बजाकर लुंगी डांस किया. अंत में वह मैनेजर की 4.71 लाख रुपये की केटीएम बाइक चुराकर फरार हो गया. पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो चुकी है और पुलिस जांच में जुटी है.
क्या है मामला?
वाराणसी के मंडुआडीह थाना क्षेत्र स्थित एक नामी ऑटोमोबाइल शोरूम में देर रात फिल्मी अंदाज में अनोखी चोरी हुई. सोमवार रात करीब 10 बजे स्टाफ शोरूम बंद करके घर चला गया था. रात करीब 11:30 बजे हाथ में देवी माता की तस्वीर लिए सफेद शर्ट और जींस पहने एक युवक वहां पहुंचा. बारिश से बचने के लिए उसने बाहर लगा बैनर फाड़ा और उसे ओढ़कर कटर से कांच का दरवाजा काटना शुरू किया. करीब 36 मिनट की मशक्कत के बाद रात 12:06 बजे वह शोरूम के भीतर दाखिल हुआ.
चोर का अंदाज किसी मालिक जैसा हो गया (Varanasi Showroom Theft)
शोरूम के अंदर पहुंचते ही चोर का अंदाज किसी मालिक जैसा हो गया. उसने सबसे पहले रिसेप्शन पर रखा कंप्यूटर ऑन किया और रिवॉल्विंग चेयर पर बैठकर गोल-गोल घूमता रहा. इसके बाद उसने मिनी फ्रिज से ठंडा पानी पिया और मशीन से गरमा-गरम कॉफी बनाकर पी. इतना ही नहीं, वह पूरी बेफिक्री के साथ वॉशरूम में गया और आराम से नहाया.
नहाने के बाद लुंगी डांस किया (Lungi Dance Thief)
नहाने के बाद चोर ने अपने गीले कपड़ों को सुखाने के लिए एक बाइक पर फैला दिया. फिर उसने नई बाइक के कवर को फाड़कर लुंगी की तरह लपेटा, कंप्यूटर पर गाने बजाए और काफी देर तक झूमकर लुंगी डांस करता रहा. जाते-जाते उसने एजेंसी की ब्रांडेड टी-शर्ट और कैप पहनी तथा एक नया कवर भी साथ रख लिया.
पूरी घटना CCTV में कैद (Manduadih Police Station,)
सुबह करीब 4 बजे वह मैनेजर की चाबी लगी करीब 4.71 लाख रुपये मूल्य की ब्रांड न्यू KTM एडवेंचर 390 S बाइक स्टार्ट कर आसानी से फरार हो गया. सुबह जब सिक्योरिटी गार्ड ने टूटा शीशा देखा तो अधिकारियों को सूचना दी. घटना की पूरी करतूत सीसीटीवी में कैद हो गई है. मंडुआडीह पुलिस और फॉरेंसिक टीम सीसीटीवी फुटेज व फिंगरप्रिंट्स की मदद से चोर की सरगर्मी से तलाश कर रही है.
यह भी पढ़ें-लड़कियों सावधान! रैपिडो वाला भी हो सकता है… हैदराबाद में अकेली लड़की को शिकार बनाने की कोशिश; देखें VIDEO
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



