Bharat Express DD Free Dish

World Press Freedom Day: अभिव्यक्ति की आज़ादी का सम्मान करने का मौका, क्या AI से और प्रभावित होगी पत्रकारिता?

World Press Freedom Day: हर साल 3 मई को मनाया जाने वाला विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस पत्रकारों की सुरक्षा, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका को उजागर करता है. 2025 की थीम है: “AI और पत्रकारिता का संबंध”

World Press Freedom Day 2025

World Press Freedom Day: हर साल 3 मई को विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस मनाया जाता है. यह दिन न सिर्फ अभिव्यक्ति की आज़ादी का सम्मान करने का मौका है, बल्कि उन पत्रकारों को श्रद्धांजलि देने का दिन भी है जो सच्चाई सामने लाने की कोशिश में अपनी जान जोखिम में डालते हैं. यह अवसर प्रेस की स्वतंत्रता, लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका और पत्रकारों के सामने आने वाली चुनौतियों पर ध्यान केंद्रित करता है.

3 मई ही क्यों चुना गया?

विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस की शुरुआत संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 1993 में की थी, लेकिन इसकी जड़ें 1991 की एक अहम घटना में हैं. 3 मई 1991 को नामीबिया की राजधानी विंडहॉक में अफ्रीकी पत्रकारों ने एक घोषणा पत्र (Windhoek Declaration) को अपनाया.

इस घोषणा में स्वतंत्र, निष्पक्ष और बहुलतावादी प्रेस को लोकतंत्र और विकास के लिए अनिवार्य माना गया. इसी ऐतिहासिक घटना को याद करते हुए हर साल 3 मई को यह दिवस मनाया जाता है.

प्रेस स्वतंत्रता दिवस का उद्देश्य क्या है?

  • यह दिन दुनिया भर में मीडिया की आज़ादी को बढ़ावा देने के लिए मनाया जाता है.
  • यह उन पत्रकारों को सम्मान और श्रद्धांजलि देता है जिन्होंने सच्चाई की खोज में बलिदान दिया.
  • यह लोगों को यह याद दिलाता है कि एक स्वतंत्र मीडिया लोकतंत्र की रीढ़ है.
  • यह सरकारों को यह याद दिलाने का दिन है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता एक मौलिक मानव अधिकार है.

2025 की थीम: पत्रकारिता और AI का रिश्ता

“ब्रेव न्यू वर्ल्ड में रिपोर्टिंग – प्रेस स्वतंत्रता और मीडिया पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रभाव”.

इस विषय के ज़रिए बताया जाएगा कि कैसे AI यानी कृत्रिम बुद्धिमत्ता पत्रकारिता को प्रभावित कर रही है – जहां एक ओर यह नए टूल्स और ऑटोमेशन के रूप में मददगार है, वहीं दूसरी ओर गलत सूचना, एल्गोरिदमिक भेदभाव और पत्रकारों की स्वतंत्रता पर खतरा भी बन सकती है.

थीम का उद्देश्य है यह सुनिश्चित करना कि AI का उपयोग सार्वजनिक हित की पत्रकारिता को मज़बूत करे, न कि उसे नुकसान पहुंचाए.

कैसे मनाया जाता है यह दिवस?

  • दुनियाभर में सम्मेलनों, सेमिनारों और पैनल चर्चाओं का आयोजन किया जाता है.
  • मीडिया की स्वतंत्रता और पत्रकारों की सुरक्षा के लिए अभियान चलाए जाते हैं.
  • उन पत्रकारों को याद किया जाता है, जो रिपोर्टिंग के दौरान शहीद हो गए या जिन पर अत्याचार हुआ.
  • UNESCO इस दिन अपना प्रमुख कार्यक्रम आयोजित करता है, जिसमें Guillermo Cano वर्ल्ड प्रेस फ्रीडम प्राइज़ दिया जाता है.
  • 2025 में यह मुख्य आयोजन ब्रसेल्स में 5 से 7 मई के बीच होगा, जहां विशेषज्ञ और नवप्रवर्तक AI और मीडिया के भविष्य पर चर्चा करेंगे.

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read