अदाणी ग्रुप के APSEZ के प्रबंध निदेशक करण अदाणी.
अडानी ग्रुप अगले पांच सालों में केरल में 30,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगा. यह घोषणा अडानी पोर्ट्स एंड एसईजेड लिमिटेड के प्रबंध निदेशक करण अडानी ने शुक्रवार को ‘इन्वेस्ट केरल ग्लोबल समिट’ में की. इस निवेश से राज्य के विकास को एक नई दिशा मिलेगी और स्थानीय आर्थिक गतिविधियाँ तेज होंगी.
अडानी ग्रुप पहले ही केरल के विजिन्जम पोर्ट पर 5,000 करोड़ रुपये का निवेश कर चुका है. इस परियोजना के तहत, ग्रुप विजिन्जम पोर्ट का विकास कर रहा है. इसके अतिरिक्त, अडानी समूह त्रिवेंद्रम हवाई अड्डे की क्षमता को 4.5 मिलियन से बढ़ाकर 12 मिलियन यात्रियों तक पहुंचाएगा, इसके लिए 5,500 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा.
लॉजिस्टिक्स, ई-कॉमर्स हब का निर्माण होगा
करण अडानी ने यह भी घोषणा की कि ग्रुप कोच्चि में एक लॉजिस्टिक्स और ई-कॉमर्स हब बनाएगा, जो राज्य में व्यापार और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देगा. इसके साथ ही, कोच्चि में सीमेंट निर्माण क्षमता का भी विस्तार किया जाएगा, जिससे स्थानीय उद्योग को मजबूती मिलेगी.
30,000 करोड़ रुपये के निवेश का संकल्प
इस घोषणा के साथ अडानी ग्रुप ने केरल में अगले पांच सालों में कुल 30,000 करोड़ रुपये के निवेश का संकल्प लिया है. यह निवेश राज्य में रोजगार के नए अवसर पैदा करने के साथ-साथ स्थानीय विकास की गति को तेज करेगा.
समिट में 3,000 प्रतिभागियों के आने की उम्मीद
करण अडानी के उपरोक्त बयान के बाद अब समिट में लगभग 3,000 प्रतिभागियों के भाग लेने की उम्मीद है, जो राज्य के विकास के लिए अपनी योजनाओं को साझा करेंगे और निवेश के अवसरों पर विचार करेंगे.
- भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


