अदाणी यूनिवर्सिटी (Adani University) ने बी.टेक (B.Tech.) और इंटीग्रेटेड प्रोग्राम्स में प्रवेश लेने वाले नए छात्रों के लिए आयोजित तीन हफ़्तों के ‘इंडक्शन प्रोग्राम 2026’ का सफलतापूर्वक समापन कर दिया है. इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को स्कूल जीवन से विश्वविद्यालय के नए माहौल में सहजता से ढालना और उनके शैक्षणिक सफर की एक मजबूत नींव रखना था.
अदाणी यूनिवर्सिटी के प्रोवोस्ट प्रो. (डॉ.) धवल पूजारा ने कहा, “विश्वविद्यालय वह स्थान है जहाँ ज्ञान का व्यावहारिक उपयोग शुरू होता है. इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों को नए विचारों और उभरती प्रौद्योगिकियों से परिचित कराया गया है. हमारा लक्ष्य ऐसे इंजीनियर तैयार करना है जो आलोचनात्मक सोच रखें और वास्तविक दुनिया की चुनौतियों का समाधान निकालें.”
तीन चरणों में आयोजित हुआ कार्यक्रम
13 जुलाई से 31 जुलाई तक आयोजित यह इंडक्शन कार्यक्रम तीन चरणों में पूरा किया गया, जिसमें फाउंडेशन कोर्स, ऑनलाइन एक्सपर्ट लेक्चर्स और कैंपस एक्टिविटीज शामिल थीं:
ऑनलाइन ब्रिज कोर्स: कार्यक्रम की शुरुआत गणित, भौतिकी (Physics) और संचार कौशल (Communication Skills) के ब्रिज कोर्स से हुई.
शिक्षाविदों के सत्र: IIT बॉम्बे के प्रो. कवि आर्य, NIT राउरकेला के डॉ. सौकत कुमार दास, IIT इंदौर के डॉ. कौस्तव बख्शी और पंडित दीनदयाल एनर्जी यूनिवर्सिटी के प्रो. निगम जैसे विशेषज्ञों ने आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस (AI), रिन्यूएबल एनर्जी और इंजीनियरिंग इनोवेशन पर विचार रखे.
उद्योग जगत के दिग्गजों से संवाद: कैंपस चरण के दौरान छात्रों ने अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड के सीईओ अरुण बंसल, विशाखा ग्रुप के चेयरमैन जिगीश दोशी और अदाणी ग्रुप के जॉइंट प्रेसिडेंट अजय कुमार तोमर से बातचीत कर नेतृत्व और नवाचार की बारीकियां सीखीं.
इस दौरान छात्रों को यूनिवर्सिटी के डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म, रिसर्च इकोसिस्टम, एंटी-रैगिंग नियमों, पॉश (POSH) नीति और सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई. इस इंडक्शन कार्यक्रम ने न केवल छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ाया, बल्कि उन्हें इंजीनियरिंग और लीडरशिप के महत्व को समझने का बेहतर मौका भी दिया.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




