Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

‘सेवा ही साधना है’, नवरात्रि पर गौतम अदाणी ने लिया गुरुदेव का आशीर्वाद, समाज सेवा पर दिया जोर

नवरात्रि के अवसर पर गौतम अदाणी ने दक्षिण गुजरात के श्रीमद राजचंद्र मिशन धरमपुर का दौरा कर पूज्य गुरुदेवश्री राकेशजी का आशीर्वाद लिया.

नवरात्रि पर गौतम अदाणी ने लिया गुरुदेव का आशीर्वाद

अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने नवरात्रि के पावन अवसर पर दक्षिण गुजरात स्थित पूज्य गुरुदेवश्री राकेशजी के श्रीमद राजचंद्र मिशन धरमपुर (एसआरएमडी) का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने गुरुदेव का आशीर्वाद प्राप्त किया और आध्यात्मिक वातावरण में समय बिताया. उनके साथ अदाणी परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे.

जीवन मूल्यों पर किया चिंतन

यात्रा के दौरान गौतम अदाणी ने कहा कि नवरात्रि केवल पूजा-अर्चना का पर्व नहीं है, बल्कि यह स्वयं के भीतर झांकने और जीवन को दिशा देने वाले सिद्धांतों पर विचार करने का भी अवसर है. उन्होंने बताया कि यह समय व्यक्ति को अपने कर्तव्यों और मूल्यों को समझने की प्रेरणा देता है.

‘सेवा ही साधना है’ मेरी सोच

गौतम अदाणी ने कहा कि मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करते हुए वह उन जीवन मूल्यों को याद कर रहे हैं, जिन्होंने उनके जीवन की राह तय की है. उन्होंने कहा कि श्रीमद राजचंद्र आश्रम की यह यात्रा उनके प्रिय विचार “सेवा ही साधना है” को और अधिक मजबूत करती है. उन्होंने प्रार्थना की कि उन्हें समाज की सेवा करने की विनम्रता और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की शक्ति मिलती रहे.

गुरुदेवश्री राकेशजी ने दिया सेवा का संदेश

मिशन की ओर से बताया गया कि गुरुदेवश्री राकेशजी ने आध्यात्मिक साधना और निस्वार्थ सेवा के बीच गहरे संबंध को रेखांकित किया. उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास संसाधन, अवसर और क्षमता है, उन्हें उनका उपयोग समाज और मानवता के व्यापक हित के लिए करना चाहिए.

सत्संग में लिया हिस्सा

अदाणी परिवार ने मिशन के ध्यान और आध्यात्मिक प्रवचन केंद्र ‘राज सभागृह’ में आयोजित सत्संग में भी भाग लिया. यहां मानव जीवन के उद्देश्य, आंतरिक विकास और आध्यात्मिक अनुशासन की अहमियत पर चर्चा की गई. परिवार ने पूरे कार्यक्रम को गंभीरता से सुना और आध्यात्मिक विचारों पर मनन किया.

युवाओं और छात्रों से भी मिले

अपने दौरे के दौरान गौतम अदाणी ने मिशन से जुड़े छात्रों और युवा पेशेवरों से भी मुलाकात की. ये युवा विभिन्न सामाजिक और जनकल्याणकारी अभियानों में सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं. अदाणी ने उनके अनुभवों और सेवा कार्यों के बारे में जानकारी ली.

डॉ. प्रीति अदाणी ने महिलाओं से किया संवाद

यात्रा के हिस्से के रूप में डॉ. प्रीति अदाणी ने ‘श्रीमद राजचंद्र सर्वमंगल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर विमेन’ का दौरा किया. वहां उन्होंने कौशल विकास, स्वरोजगार और आजीविका कार्यक्रमों से जुड़ी आदिवासी महिलाओं के साथ बातचीत की और उनके अनुभवों को जाना.

अस्पताल में दिव्यांग बच्चों के बीच पहुंचीं

डॉ. प्रीति अदाणी ने श्रीमद राजचंद्र हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर का भी दौरा किया. यहां उन्होंने दिव्यांग बच्चों को चिकित्सा सहायता उपकरण वितरित करने के कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इसके बाद उन्होंने मिशन के जिनमंदिर में भगवान महावीर के समक्ष प्रार्थना कर आशीर्वाद प्राप्त किया.

सामाजिक परियोजनाओं पर सहयोग की चर्चा

इस पूरी यात्रा के दौरान अदाणी समूह और मिशन द्वारा संचालित सामाजिक एवं मानवीय परियोजनाओं के बीच सहयोग की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ. गौतम अदाणी ने मिशन की सामाजिक सेवा शाखा ‘श्रीमद राजचंद्र लव एंड केयर (एसआरएलसी)’ के साथ मिलकर कार्य करने में रुचि दिखाई.

ये भी पढ़ें-विशाखापत्तनम में अदाणी का ‘मेगा प्लान’, पर्यावरण प्रेमियों के हंगामे के बाद बदली पूरी रणनीति

स्वास्थ्य और नेत्र सेवाओं पर भी चर्चा

वहीं डॉ. प्रीति अदाणी ने अदाणी फाउंडेशन की सामुदायिक विकास पहलों के अनुरूप नेत्र चिकित्सा और दृष्टि देखभाल से जुड़ी परियोजनाओं में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर भी चर्चा की. इस मुलाकात में समाज सेवा और जनकल्याण के क्षेत्रों में साझेदारी को लेकर सकारात्मक बातचीत हुई.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital