Bharat Express DD Free Dish

AI से नहीं डरा गूगल, बनाया रिकॉर्ड; अल्फाबेट का मुनाफा आसमान पर, 400 अरब डॉलर के पार पहुंचा रेवेन्यू

AI को गूगल के लिए खतरा माना जा रहा था, लेकिन अल्फाबेट के Q4 नतीजों ने सभी अटकलों पर विराम लगा दिया. वित्त वर्ष 2025 में पहली बार कंपनी का एनुअल रेवेन्यू 400 अरब डॉलर के पार पहुंचा, जिससे साफ हो गया कि AI गूगल की सबसे बड़ी ताकत बन चुका है.

Google CEO Sundar Pichai

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के तेजी से बढ़ते प्रभाव के बाद एक समय ऐसा माना जा रहा था कि गूगल का सर्च इंजन खतरे में पड़ सकता है. अनुमान लगाए जा रहे थे कि यूजर्स सवालों के जवाब पाने के लिए गूगल पर सर्च करने के बजाय सीधे AI टूल्स का सहारा लेंगे. लेकिन टेक्नोलॉजी की दुनिया की दिग्गज कंपनी गूगल ने इन तमाम आशंकाओं को पूरी तरह गलत साबित कर दिया है.

साल की आखिरी तिमाही में गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट ने न सिर्फ मुनाफे के पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए, बल्कि यह भी साफ कर दिया कि AI उसके लिए किसी भी तरह का खतरा नहीं, बल्कि विकास का सबसे बड़ा अवसर बन चुका है.

एनुअल रेवेन्यू 400 अरब डॉलर

अल्फाबेट ने वित्त वर्ष 2025 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी किए हैं, जो कंपनी के इतिहास में अब तक के सबसे शानदार नतीजों में से एक माने जा रहे हैं. इस तिमाही में पहली बार अल्फाबेट का एनुअल रेवेन्यू 400 अरब डॉलर के आंकड़े को पार कर गया है. यह उपलब्धि ऐसे समय में आई है, जब पूरी दुनिया में AI को लेकर टेक कंपनियों के भविष्य पर सवाल उठाए जा रहे थे.

AI भविष्य की सबसे बड़ी ताकत

गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि वित्त वर्ष 2025 की चौथी तिमाही कंपनी के लिए बेहद शानदार रही है. उन्होंने कहा कि यह सफलता गूगल के कर्मचारियों और साझेदारों के संयुक्त प्रयासों का नतीजा है.

सुंदर पिचाई ने यह भी कहा कि गूगल की संपूर्ण AI प्रणाली कंपनी की प्रगति को नई गति दे रही है. खासतौर पर गूगल के नए AI मॉडल जेमिनी 3 को जिस तेजी से अपनाया जा रहा है, वह कंपनी के इतिहास में किसी भी अन्य मॉडल से कहीं अधिक तेज है. यह दर्शाता है कि यूजर्स और बिजनेस दोनों ही AI के साथ गूगल के इंटीग्रेशन को पसंद कर रहे हैं.


ये भी पढ़ें: अडानी एनर्जी का नया रिकॉर्ड; 1 करोड़ स्मार्ट मीटर लगाने वाली बनी देश की पहली कंपनी


उन्होंने आगे कहा कि कंपनी 2026 को लेकर बेहद उत्साहित है और आने वाले समय में गूगल की ओर से कई बड़े इनोवेशन देखने को मिलेंगे. कुल मिलाकर, अल्फाबेट के ताजा नतीजों ने यह साफ कर दिया है कि AI गूगल के लिए संकट नहीं, बल्कि भविष्य की सबसे बड़ी ताकत बन चुका है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read