होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (HMSI) ने नवंबर 2025 में अपनी घरेलू बिक्री में बढ़ोतरी दर्ज की है. कंपनी ने इस महीने 5,33,645 इकाइयों की घरेलू बिक्री की सूचना दी, जो नवंबर 2024 में 4,32,888 इकाइयों की तुलना में 23 प्रतिशत अधिक है. कुल बिक्री में भी तेजी देखने को मिली और यह 5,91,136 इकाई रही, जो पिछले साल इसी महीने में 4,72,749 इकाइयों से 25 प्रतिशत बढ़ी है.
निर्यात के क्षेत्र में भी HMSI ने अच्छा प्रदर्शन किया. नवंबर 2025 में 57,491 इकाइयों का निर्यात हुआ, जो नवंबर 2024 की तुलना में 44 प्रतिशत अधिक है. वित्त वर्ष 2026 की अप्रैल-नवंबर 2025 अवधि में कंपनी ने कुल 42,32,748 इकाइयों की बिक्री दर्ज की है, जिसमें घरेलू बिक्री 38,12,096 इकाई और निर्यात 4,20,652 इकाई रही.
सड़क सुरक्षा और समाजिक पहल
HMSI ने सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए कोयंबटूर और वाराणसी में सड़क सुरक्षा सम्मेलन आयोजित किए. कंपनी ने युवाओं और आम जनता में सड़क सुरक्षा के महत्व को समझाने के लिए विभिन्न गतिविधियों और वर्कशॉप्स का आयोजन किया.
होंडा इंडिया फाउंडेशन की पहल
HIF ने बेंगलुरु में दिव्यांगजनों के लिए नया कौशल विकास केंद्र शुरू किया. इसके अलावा, प्रोजेक्ट प्रगति के तहत प्रशिक्षित जनरल ड्यूटी असिस्टेंट्स के लिए करियर प्रगति कार्यक्रम की घोषणा भी की गई. यह पहल युवाओं को पेशेवर मार्गदर्शन और करियर अवसर प्रदान करने में मदद करेगी.
HIF ने मानव रचना स्पोर्ट्स अकादमी के साथ मिलकर खेल प्रतिभा सहायता कार्यक्रम भी शुरू किया है. यह कार्यक्रम वंचित पृष्ठभूमि के युवा एथलीटों को प्रशिक्षण, उपकरण और प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर देगा.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


