India ITME 2026: टेक्सटाइल मशीनरी और कपड़ा उद्योग से जुड़े कारोबारियों के लिए इस साल का सबसे बड़ा आयोजन इंडिया आईटीएमई 2026 होने जा रहा है. यह अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी दुनिया भर के मशीनरी निर्माताओं, इंजीनियरिंग विशेषज्ञों, तकनीकी कंपनियों और उद्योग जगत के बड़े खिलाड़ियों को एक ही मंच पर लाएगी. आयोजन का मकसद नई तकनीकों, व्यापारिक संभावनाओं और वैश्विक सहयोग को बढ़ावा देना है.
4 से 9 दिसंबर तक ग्रेटर नोएडा में होगा आयोजन
इंडिया आईटीएमई 2026 का आयोजन 4 से 9 दिसंबर 2026 के बीच ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट लिमिटेड (IEML) में किया जाएगा. छह दिनों तक चलने वाला यह मेगा इवेंट वस्त्र मशीनरी और टेक्सटाइल इंजीनियरिंग क्षेत्र से जुड़े पूरे इकोसिस्टम को एक जगह पर लाने का काम करेगा. इस प्रदर्शनी में कंपनियों को अपने नए उत्पाद, तकनीकी समाधान और आधुनिक उत्पादन प्रणालियां प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा. वहीं आगंतुकों को उद्योग के नवीनतम ट्रेंड्स और भविष्य की तकनीकों को करीब से समझने का मौका मिलेगा.
केंद्र सरकार के सहयोग से हो रहा आयोजन
भारत सरकार के भारी उद्योग मंत्रालय और वस्त्र मंत्रालय के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम को देश और विदेश की 80 से अधिक औद्योगिक संस्थाओं का समर्थन प्राप्त है. आयोजन का उद्देश्य टेक्सटाइल मशीनरी और कपड़ा इंजीनियरिंग सेक्टर को एक साझा मंच प्रदान करना है, जहां उद्योग से जुड़े सभी पक्ष एक-दूसरे के साथ संवाद स्थापित कर सकें. आयोजकों का मानना है कि यह पहल भारत को वैश्विक टेक्सटाइल उद्योग के प्रमुख केंद्र के रूप में और मजबूत बनाएगी.
40 देशों की भागीदारी, 3600 से ज्यादा लाइव डेमो
इस बार प्रदर्शनी में दुनिया के 40 से अधिक देशों की कंपनियां हिस्सा लेंगी. आयोजन के दौरान 20 अलग-अलग प्रदर्शनी श्रेणियों में 3,600 से ज्यादा मशीनों और तकनीकी समाधानों का लाइव प्रदर्शन किया जाएगा. इससे आगंतुकों को मशीनों की कार्यप्रणाली को वास्तविक समय में देखने और उनकी उपयोगिता समझने का अवसर मिलेगा. यह मंच नई व्यावसायिक साझेदारियों, निवेश संभावनाओं और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्किंग के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होगा.
सिर्फ प्रदर्शनी नहीं, बिजनेस और नॉलेज का संगम
इंडिया आईटीएमई 2026 को इस बार केवल एक ट्रेड शो तक सीमित नहीं रखा गया है. इसे व्यापक व्यावसायिक और ज्ञान आधारित मंच के रूप में तैयार किया गया है. इस दौरान बी2बी बैठकों, अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ‘वस्त्रोद्योग की सीमा’, नए उत्पादों की लॉन्चिंग और संस्थागत नेटवर्किंग जैसे कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इन पहलों का उद्देश्य उद्योग जगत के बीच विचारों के आदान-प्रदान और नए कारोबारी अवसरों को बढ़ावा देना है.
सीईओ कॉन्क्लेव में होगा भविष्य पर मंथन
आयोजन का एक प्रमुख आकर्षण सीईओ कॉन्क्लेव भी होगा. इस मंच पर टेक्सटाइल और मशीनरी उद्योग के शीर्ष अधिकारी, विशेषज्ञ और नीति निर्माता एकत्र होंगे. यहां उद्योग की मौजूदा चुनौतियों, तकनीकी बदलावों और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी. अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों की मौजूदगी इस कार्यक्रम को और अधिक प्रभावशाली बनाएगी, जिससे टेक्नोलॉजी साझेदारी, ज्ञान विनिमय और व्यापारिक सहयोग के नए रास्ते खुलेंगे.
रोड शो के जरिए बढ़ाई जा रही जागरूकता
इंडस्ट्री तक अपनी पहुंच मजबूत करने के लिए इंडिया आईटीएमई सोसाइटी ने कई शहरों में विशेष प्रचार अभियान शुरू किया है. इसके तहत इंदौर, सूरत और अहमदाबाद में रोड शो और प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा. इस पहल का लक्ष्य अधिक से अधिक उद्यमियों, निर्माताओं और उद्योग से जुड़े लोगों को इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन से जोड़ना है. साथ ही प्रदर्शकों और आगंतुकों के लिए उपलब्ध कारोबारी अवसरों की जानकारी भी साझा की जाएगी.
कई शहरों में शुरू हुआ प्री-रजिस्ट्रेशन अभियान
आयोजन को लेकर विभिन्न टेक्सटाइल और औद्योगिक केंद्रों में विशेष पंजीकरण काउंटर स्थापित किए गए हैं. इसके अलावा लोगों को सीधे जोड़ने के लिए आउटरीच गतिविधियां भी चलाई जा रही हैं. आयोजकों के अनुसार इस अभियान को उद्योग जगत से अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है. बड़ी संख्या में लोग पहले से पंजीकरण करा रहे हैं. वाराणसी, लखनऊ, कानपुर, मेरठ, हापुड़, भीलवाड़ा, बुरहानपुर, इचलकरंजी, तलोजा और तारापुर जैसे शहरों में उपलब्ध ‘अर्ली बर्ड’ पंजीकरण ऑफर का भी व्यापक लाभ उठाया जा रहा है.
ये भी पढ़ें-अडाणी एनर्जी सॉल्यूशंस के Q2 नतीजे शानदार, EBITDA में 67% की जबरदस्त बढ़ोतरी
वैश्विक टेक्सटाइल उद्योग के लिए अहम अवसर
इंडिया आईटीएमई 2026 को टेक्सटाइल मशीनरी, तकनीकी नवाचार और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण आयोजन माना जा रहा है. उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि यह मंच कंपनियों को नए बाजारों तक पहुंचने, साझेदारियां विकसित करने और वैश्विक स्तर पर अपनी मौजूदगी मजबूत करने का अवसर देगा. दिसंबर में होने वाला यह आयोजन भारत की बढ़ती औद्योगिक ताकत और टेक्सटाइल सेक्टर की क्षमता को दुनिया के सामने प्रदर्शित करेगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



