अमेरिका को भारतीय आम का निर्यात तेजी से बढ़ रहा है. इस बीच, मुंबई स्थित एक प्रमुख विकिरण केंद्र में हुई तकनीकी खामी के बाद वहां का संचालन फिर से सामान्य कर दिया गया है. इस केंद्र पर मई की शुरुआत में रिकॉर्डिंग डेटा में गड़बड़ी के चलते कुछ आम की खेपें अमेरिकी अधिकारियों द्वारा खारिज कर दी गई थीं.
जानकारी के मुताबिक, 8 और 9 मई 2025 को मुंबई केंद्र पर विकिरण प्रक्रिया के दौरान डेटा रिकॉर्डिंग में समस्या आई थी, जिसके चलते 12 आम की खेपों को अमेरिका ने रिजेक्ट कर दिया. यह केंद्र अमेरिका भेजे जाने वाले सबसे अधिक आमों का विकिरण करता है.
हालांकि, अधिकारियों ने बताया कि इस गड़बड़ी की जांच वरिष्ठ स्तर पर की जा रही है, और 10 मई से ही केंद्र का संचालन दोबारा शुरू कर दिया गया है. इस दौरान देश के अन्य दो विकिरण केंद्रों पर कोई असर नहीं पड़ा.
वित्त वर्ष 2023-24 में अमेरिका को भारत से आम का निर्यात 130% बढ़कर 10.01 मिलियन डॉलर तक पहुंच गया, जो 2022-23 में केवल 4.36 मिलियन डॉलर था.
भारत से अमेरिका को आम का निर्यात APEDA (एग्रीकल्चरल एंड प्रोसेस्ड फूड प्रोडक्ट्स एक्सपोर्ट डेवलपमेंट अथॉरिटी) और अमेरिका के USDA (यूएस डिपार्टमेंट ऑफ एग्रीकल्चर) के एनीमल एंड प्लांट हेल्थ इंस्पेक्शन सर्विस (APHIS) के बीच हुए कोऑपरेटिव सर्विस एग्रीमेंट के तहत होता है.
इस प्रक्रिया के संचालन की शर्तें एक विशेष ‘विकिरण कार्य योजना’ के अंतर्गत तय की जाती हैं, जिसे USDA-APHIS, भारत सरकार के कृषि मंत्रालय के तहत आने वाला NPPO (नेशनल प्लांट प्रोटेक्शन ऑर्गेनाइजेशन) और APEDA मिलकर क्रियान्वित करते हैं.
योजना के तहत, आमों की खरीद सिर्फ पंजीकृत खेतों से होती है, इसके बाद इन्हें मान्यता प्राप्त पैकहाउस में ग्रेडिंग और छंटाई के बाद गर्म पानी और फंगीसाइड से उपचारित किया जाता है. अंत में इन्हें USDA द्वारा अनुमोदित विकिरण केंद्रों पर भेजा जाता है. इस वर्ष ऐसे तीन केंद्र भारत में सक्रिय हैं.
अधिकारियों के अनुसार, “सभी विकिरण केंद्रों के पास पौधों में कीट नियंत्रण के लिए तय मानकों के अनुरूप स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOPs) मौजूद हैं.”
दुनियाभर में आम के कुल उत्पादन में भारत की हिस्सेदारी करीब 43% है. भारत दुनिया का छठा सबसे बड़ा आम निर्यातक है और पिछले चार वर्षों में आम के निर्यात में 66% की बढ़ोतरी हुई है—जो FY21 के 36.22 मिलियन डॉलर से बढ़कर FY24 में 60.14 मिलियन डॉलर तक पहुंच गया.
फिलहाल भारत 48 देशों को आम निर्यात करता है, जिनमें संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और अमेरिका प्रमुख आयातक हैं. अप्रैल से फरवरी FY25 के बीच इन्हीं दोनों देशों में सबसे ज्यादा भारतीय आम भेजे गए हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




