Bharat Express DD Free Dish

निवेशकों के दोनों हाथों में लड्डू! ईरान-अमेरिका डील से गदगद हुआ शेयर बाजार, जानें सबसे ज्यादा फायदे का सौदा क्या?

सोने-चांदी में बड़ी गिरावट के बीच भारतीय शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिल रही है. सेंसेक्स की रैली से निवेशकों की संपत्ति में लाखों करोड़ रुपये का इजाफा हुआ और भारत का मार्केट कैप 5 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंच गया…

ai generated image

Share Market Boom 2026: भारतीय निवेशकों के दोनों हाथों में इस समय सचमुच लड्डू है! एक तरफ जहां सोना और चांदी औंधे मुंह गिरकर सस्ते हो रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ शेयर बाजार (Stock Market) तूफानी तेजी के साथ नए ऐतिहासिक शिखर को छू रहा है. ईरान और अमेरिका के बीच शांति समझौते के सकारात्मक संकेतों ने बाजार में ऐसा ‘बुल रन’ (Bull Run) ला दिया है कि बीएसई (BSE) पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप एक बार फिर 5 ट्रिलियन डॉलर के जादुई आंकड़े को पार कर गया है. ऐसे में निवेशकों के पास सस्ते सोने में पैसा लगाने और उछलते शेयर बाजार से मुनाफा कूटने का बेहतरीन और सुनहरा मौका है.

सोना और चांदी औंधे मुंह गिरे

बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में बुधवार को कीमती धातुओं में भारी बिकवाली देखी गई. 99.9 फीसदी शुद्धता वाले सोने की कीमत 4,800 रुपये टूटकर 1.54 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई. वहीं, चांदी ने भी तगड़ा गोता लगाया और यह 5,300 रुपये की गिरावट के साथ 2.55 लाख रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) पर बंद हुई.

गिरावट का मुख्य कारण:

मजबूत होता भारतीय रुपया और अंतरराष्ट्रीय बाजार में सुस्ती.

निवेशक सोने-चांदी से पैसा निकालकर तेजी से भागते शेयर बाजार में लगा रहे हैं.

अमेरिकी फेडरल रिजर्व (US Fed) की मौद्रिक नीति के फैसलों से पहले निवेशकों का सतर्क रुख.

शेयर बाजार से बंपर कमाई(Share Market Boom)

दरअसल, ईरान और अमेरिका के बीच भू-राजनीतिक तनाव कम होने (शांति समझौते) की खबरों से दलाल स्ट्रीट पूरी तरह गदगद है. पिछले चार कारोबारी सत्रों में ही सेंसेक्स में कुल 3,323 अंकों (4.50%) की तूफानी तेजी दर्ज की जा चुकी है. बुधवार को भी सेंसेक्स 347 अंक चढ़कर 77,155 के पार बंद हुआ. इस चौतरफा खरीदारी के दम पर मझोली (Midcap) और छोटी कंपनियों (Smallcap) के शेयरों में भी जबरदस्त उछाल देखा गया.

ये भी पढ़ें: ‘महाराष्ट्र बंगाल छोड़िए, समूची सपा भाजपा में होगी शामिल…’, राजभर का बड़ा दावा; क्या रामगोपाल ने अमित शाह को सौंपी बगावत की चिट्ठी?

निवेशकों की पूंजी में लाखों करोड़ का इजाफा

शेयर बाजार की इस ऐतिहासिक रैली (Share Market Boom) ने निवेशकों को मालामाल कर दिया है. महज कुछ ही दिनों के भीतर बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों के कुल बाजार पूंजीकरण (Market Cap) में 22.78 लाख करोड़ रुपये की जबर्दस्त बढ़ोतरी हुई है, जिसके बाद भारत का कुल मार्केट कैप एक बार फिर से दुनिया के टॉप बाजारों को टक्कर देते हुए $5.03 ट्रिलियन तक पहुंच गया है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read