Bharat Express DD Free Dish

IndiGo के नए CEO विलियम वॉल्श कौन? अब एमिरेट्स और एयर इंडिया को मिलेगी कड़ी टक्कर!

IndiGo ने एविएशन दिग्गज William Walsh को नया CEO नियुक्त किया, जो 3 अगस्त 2026 से कार्यभार संभालेंगे. इस फैसले से कंपनी का फोकस घरेलू से ग्लोबल विस्तार पर शिफ्ट होगा, जिससे Air India और Emirates को कड़ी टक्कर मिल सकती है…

IndiGo new CEO William Walsh: भारतीय विमानन क्षेत्र की दिग्गज कंपनी इंडिगो (IndiGo) ने अंतरराष्ट्रीय आसमान में अपनी धाक जमाने के लिए दुनिया के सबसे अनुभवी एविएशन लीडर विलियम वॉल्श (William Walsh) को अपना नया सीईओ (CEO) नियुक्त करने का ऐलान किया है. वर्तमान में ग्लोबल एयरलाइन बॉडी (IATA) के महानिदेशक के रूप में कार्यरत वॉल्श ( William Walsh) 3 अगस्त 2026 को आधिकारिक तौर पर इंडिगो के कैप्टन की जिम्मेदारी संभालेंगे.

ब्रिटिश एयरवेज जैसे बड़े ब्रांड्स को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाले वॉल्श का इंडिगो में आना इस बात का साफ संकेत है कि कंपनी अब केवल भारत के घरेलू बाजार तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बदलने की तैयारी में है.

एविएशन जगत के ‘जादूगर’ विली की प्रोफाइल

विमानन उद्योग में ‘विली’ ( William Walsh) के नाम से मशहूर विलियम वॉल्श का करियर किसी मिसाल से कम नहीं है. उन्होंने आयरलैंड की ‘एरो लिंगस’ से लेकर दुनिया की प्रतिष्ठित ‘ब्रिटिश एयरवेज’ और ‘IAG’ जैसे बड़े ब्रांड्स को लीड किया है. उनके पास दशकों का वह अनुभव है जो घाटे में चल रही एयरलाइंस को मुनाफे में लाने और स्थापित कंपनियों को ग्लोबल लीडर बनाने के लिए जाना जाता है. इंडिगो के चेयरमैन विक्रम सिंह मेहता ने इस नियुक्ति पर भरोसा जताते हुए कहा है कि वॉल्श एक ऐसे लीडर हैं, जिन्हें मुश्किल और चुनौतीपूर्ण बाजारों में भी एयरलाइंस को सफलतापूर्वक आगे ले जाने का हुनर बखूबी आता है.

अगस्त 2026 से शुरू होगी इंडिगो की नई पारी

विलियम वॉल्श की इंडिगो में जॉइनिंग की तारीख भी तय हो चुकी है. वे 31 जुलाई 2026 तक IATA में अपनी वर्तमान जिम्मेदारियों को पूरा करेंगे और उसके ठीक बाद 3 अगस्त 2026 को इंडिगो के सीईओ का पदभार ग्रहण करेंगे. पीटर एल्बर्स के जाने के बाद इंडिगो को एक ऐसे नेतृत्व की तलाश थी जो कंपनी को एक ‘लो-कॉस्ट’ करियर की छवि से बाहर निकालकर एक ‘ग्लोबल प्रीमियम ब्रांड’ की कतार में खड़ा कर सके. वॉल्श का ट्रैक रिकॉर्ड बताता है कि वे ऑपरेशनल एफिशिएंसी और अंतरराष्ट्रीय विस्तार के मामले में बेहद सख्त और दूरदर्शी रणनीतिकार माने जाते हैं.

यह भी पढ़ें : 60 साल पुराना कानून होगा खत्म! 1 अप्रैल से बदल जाएगी आपकी सैलरी और टैक्स की दुनिया, जानें क्या होंगे 4 बड़े बदलाव?

लो-कॉस्ट से ग्लोबल स्टैंडर्ड की ओर बढ़ता कदम

इंडिगो के लिए यह फैसला रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. कंपनी का भविष्य का रोडमैप अब सिर्फ भारत के छोटे शहरों को जोड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि वह अब यूरोप और एशिया के दूर-दराज के देशों तक अपनी सीधी पहुंच बनाना चाहती है. इसके लिए इंडिगो ने पहले ही बड़े विमानों (Wide-body planes) का भारी-भरकम ऑर्डर दे रखा है.

विलियम वॉल्श के आने से इंडिगो को एयर इंडिया, एमिरेट्स और कतर एयरवेज जैसी स्थापित अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस के सामने मजबूती से खड़े होने का हौसला मिलेगा. उनके नेतृत्व में इंडिगो की सेवाओं और नेटवर्क में बड़े वैश्विक बदलावों की उम्मीद की जा रही है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read