जियो प्लेटफॉर्म्स की बाजार में धमाकेदार एंट्री
Jio IPO Listing: बुधवार का दिन भारतीय शेयर बाजार और टेलीकॉम सेक्टर के इतिहास में एक बड़े बदलाव के रूप में दर्ज हो गया है. जी हां, जिस शानदार आईपीओ (IPO) का देश भर के निवेशकों को बेसब्री से इंतजार था, उसने आज बाजार में कदम रखते ही तहलका मचा दिया है. पिछले हफ्ते जब इस आईपीओ को निवेशकों का जबरदस्त प्यार मिला था और यह 22 गुना से ज्यादा भरकर बंद हुआ था, तभी अंदाजा लग गया था कि इसकी लिस्टिंग कुछ खास होने वाली है.
इश्यू प्राइस को पीछे छोड़ मिला बंपर मुनाफा
अगर आंकड़ों की बात करें, तो कंपनी ने ₹30,200 करोड़ के इस मेगा इश्यू के लिए ₹1,119 प्रति शेयर का भाव तय किया था. लेकिन जब आज सुबह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर इसकी ट्रेडिंग शुरू हुई, तो शेयर सीधे ₹1,358 के भाव पर खुले. यानी निवेशकों को पहले ही झटके में करीब 21.36 प्रतिशत का शानदार प्रीमियम या यूं कहें कि जबरदस्त लिस्टिंग गेन मिल गया. इस शानदार शुरुआत ने निवेशकों के चेहरों पर बड़ी मुस्कान ला दी है.
एयरटेल को पछाड़कर रिलायंस को बनाया सिरताज
इस तूफानी लिस्टिंग के बाद जियो प्लेटफॉर्म्स का मार्केट कैप सीधे ₹12.6 लाख करोड़ (लगभग ₹12,50,586 करोड़) के आंकड़े को पार कर गया है. इस दमदार छलांग के साथ ही जियो ने भारती एयरटेल को पीछे छोड़ते हुए देश की सबसे बड़ी और मूल्यवान टेलीकॉम कंपनी का खिताब अपने नाम कर लिया है.
इतना ही नहीं अब जियो अपनी पैरेंट कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के बाद देश की दूसरी सबसे मूल्यवान लिस्टेड कंपनी भी बन गई है. इस ऐतिहासिक सफलता के बाद रिलायंस समूह देश का सबसे ताकतवर और मूल्यवान बिजनेस ग्रुप बन गया है.
53 करोड़ ग्राहकों की ताकत
जियो की इस कामयाबी के पीछे उसकी मजबूत नींव और दिग्गजों का साथ है. मेटा (Meta) और अल्फाबेट (गूगल) जैसे ग्लोबल टेक दिग्गजों का सपोर्ट इसे एक अलग ही मुकाम पर खड़ा करता है. आज देश भर में 53 करोड़ से ज्यादा ग्राहक जियो की सर्विस का इस्तेमाल कर रहे हैं. बाजार जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में यह शेयर बाजार में और भी नए रिकॉर्ड बना सकता है, जिस पर हर निवेशक की पैनी नजर बनी हुई है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



