माइक्रोसॉफ्ट सर्वर डाउन
Microsoft Down: माइक्रोसॉफ्ट की ईमेल सर्विस में तकनीकी खराबी के चलते Outlook और Microsoft 365 के यूजर्स को परेशानी हो रही है. लोग न अपने मेलबॉक्स खोल पा रहे हैं और न ही ईमेल भेज या रिसीव कर पा रहे हैं.
दुनिया की बड़ी टेक कंपनियों में शामिल माइक्रोसॉफ्ट की ईमेल सर्विस में आई तकनीकी खराबी से दुनियाभर के यूजर्स परेशान हैं. गुरुवार देर रात से Outlook और Microsoft 365 की सेवाएं प्रभावित होने की खबर है. भारत समेत कई देशों में यूजर्स अपने ईमेल अकाउंट तक नहीं पहुंच पा रहे हैं. करीब 10 घंटे से जारी इस परेशानी के चलते कई कंपनियों और दफ्तरों का कामकाज भी प्रभावित हुआ है.
यूजर्स की शिकायत है कि Outlook का मेलबॉक्स खुल नहीं रहा है. कुछ लोग लॉगइन नहीं कर पा रहे हैं, जबकि कई यूजर्स को ईमेल भेजने और रिसीव करने में दिक्कत हो रही है. इससे जरूरी मेल और ऑफिस के काम अटक गए हैं. माइक्रोसॉफ्ट की टेक्निकल टीम इस समस्या को दूर करने में जुटी है.
Microsoft 365 ने दी तकनीकी खराबी की जानकारी
माइक्रोसॉफ्ट ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल के जरिए ईमेल सर्विस में आई परेशानी की जानकारी दी है. कंपनी के मुताबिक, तकनीकी खराबी के कारण कई क्षेत्रों में कनेक्टिविटी प्रभावित हुई है. टीम इस समस्या की जांच कर रही है और सेवाओं को सामान्य करने की कोशिश की जा रही है.

शुरुआत में इस परेशानी का असर अमेरिका तक सीमित माना जा रहा था, लेकिन बाद में इसके दुनियाभर के यूजर्स को प्रभावित करने की बात सामने आई. माइक्रोसॉफ्ट की ओर से समस्या को जल्द ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है.
Outlook को लेकर एक लाख से ज्यादा शिकायतें
आउटेज पर नजर रखने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के मुताबिक, Outlook में परेशानी की शुरुआत अमेरिकी समय के अनुसार दोपहर करीब 1 बजे हुई. इसके बाद शिकायतों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी. रिपोर्ट के मुताबिक, Outlook को लेकर एक लाख से ज्यादा शिकायतें दर्ज की गईं. वहीं, Microsoft 365 के हजारों यूजर्स ने भी सेवाएं इस्तेमाल करने में परेशानी की जानकारी दी.
यूजर्स की शिकायतों में ईमेल अकाउंट न खुलना, लॉगइन में दिक्कत और मेल भेजने या रिसीव करने में परेशानी जैसी समस्याएं शामिल हैं. हालांकि, कंपनी की ओर से तकनीकी खराबी की पूरी वजह सामने नहीं आई है.
2024 में भी ठप हुई थीं माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं
माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में तकनीकी खराबी का यह पहला मामला नहीं है. साल 2024 में भी कंपनी के सिस्टम में बड़ी गड़बड़ी सामने आई थी. उस दौरान दुनियाभर में कई विंडोज यूजर्स के कंप्यूटर अचानक बंद होने लगे थे या उन्हें सिस्टम शुरू करने में परेशानी हुई थी.
ये भी पढ़ें- लो जी, एक नहीं, दो नहीं… निकले पूरे तीन-तीन चक्कर! इस्तीफे के बाद Nvidia CEO की ‘तीसरी प्रेमलीला’ का भंडाफोड़
उस समय इस समस्या की वजह साइबर सिक्योरिटी कंपनी क्राउडस्ट्राइक के एक अपडेट को बताया गया था. अब एक बार फिर माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई तकनीकी खराबी ने दुनियाभर के यूजर्स की परेशानी बढ़ा दी है. फिलहाल यूजर्स को कंपनी की ओर से सेवाएं पूरी तरह बहाल होने का इंतजार है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



