Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

मार्च 2027 से मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 का काम होगा शुरू, जानिए किन यात्रियों पर पड़ेगा असर

Mumbai Airport: मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 का पुनर्विकास मार्च 2027 से शुरू होने की संभावना है. इस दौरान 39 अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस टर्मिनल-2 से उड़ानें जारी रखेंगी, जबकि 11 एयरलाइंस की कुछ उड़ानें नवी मुंबई एयरपोर्ट शिफ्ट हो सकती हैं.

mumbai-airport-terminal-one-redevelopment

मुंबई एयरपोर्ट पर टर्मिनल-1 का होगा पुनर्विकास

Mumbai Airport: मुंबई एयरपोर्ट से सफर करने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए राहत की खबर है. छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट (CSMIA) के टर्मिनल-1 का पुनर्विकास होने जा रहा है, लेकिन इसका असर करीब 91 फीसदी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों पर नहीं पड़ेगा. मार्च 2027 के आखिर से शुरू होने वाले इस बदलाव के दौरान ज्यादातर अंतरराष्ट्रीय उड़ानें मुंबई एयरपोर्ट से ही संचालित होती रहेंगी.

समर-2027 शेड्यूल के मुताबिक, मुंबई एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली 50 अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस में से 39 टर्मिनल-2 से अपना संचालन जारी रखेंगी. यानी इन एयरलाइंस के यात्रियों को एयरपोर्ट बदलने की जरूरत नहीं होगी. वहीं, बाकी 11 एयरलाइंस की कुछ उड़ानें नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NMIA) पर शिफ्ट की जा सकती हैं.

अमीरात और ब्रिटिश एयरवेज जैसी बड़ी एयरलाइंस मुंबई में ही रहेंगी

टर्मिनल-1 के पुनर्विकास के दौरान कई बड़ी अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस मुंबई एयरपोर्ट से ही उड़ानें संचालित करेंगी. इनमें अमीरात, एतिहाद एयरवेज, सिंगापुर एयरलाइंस, श्रीलंकन एयरलाइंस, थाई एयरवेज, ब्रिटिश एयरवेज, लुफ्थांसा, एयर फ्रांस और टर्किश एयरलाइंस शामिल हैं. ये सभी एयरलाइंस टर्मिनल-2 से अपना संचालन जारी रखेंगी.

मामले की जानकारी रखने वाले लोगों के मुताबिक, बाकी 11 एयरलाइंस की चुनिंदा उड़ानें नवी मुंबई एयरपोर्ट पर भेजी जा सकती हैं. इससे रोजाना करीब 16 उड़ानों के प्रभावित होने की आशंका है. यह बदलाव मार्च 2027 के आखिरी सप्ताह से शुरू हो सकता है.

हर साल 50 लाख यात्रियों की उड़ानों पर पड़ेगा असर

उड़ानों को अस्थायी रूप से नवी मुंबई एयरपोर्ट पर शिफ्ट करने से हर साल करीब 50 लाख यात्रियों की यात्रा प्रभावित हो सकती है. यह मुंबई एयरपोर्ट के कुल सालाना यात्री ट्रैफिक का लगभग 9 फीसदी है. फिलहाल मुंबई एयरपोर्ट से हर साल करीब 5.5 करोड़ यात्री सफर करते हैं. ऐसे में करीब 5 करोड़ यात्रियों की आवाजाही पहले की तरह जारी रहने का अनुमान है.

घरेलू उड़ानों को लेकर भी बदलाव की तैयारी है. इंडिगो, एयर इंडिया और अकासा एयर ने कुछ रूट की उड़ानों को नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शिफ्ट करने की योजना का ऐलान किया है.

1964 में शुरू हुआ था टर्मिनल-1

मुंबई एयरपोर्ट का टर्मिनल-1 साल 1964 में शुरू हुआ था. करीब छह दशक पुराने इस टर्मिनल के पुनर्विकास का फैसला सुरक्षा और इमारत की संरचना से जुड़ी चिंताओं के बाद लिया गया है. साल 2017 में स्ट्रकवेल और 2024 में आईआईटी बॉम्बे की ओर से किए गए ऑडिट में भी इन चिंताओं का जिक्र किया गया था.

पुनर्विकास के बाद टर्मिनल-1 की सालाना यात्री क्षमता 1.5 करोड़ से बढ़कर 2 करोड़ हो जाएगी. यानी इसकी क्षमता में करीब 33 फीसदी का इजाफा होगा. इसके साथ ही यात्रियों की जांच, सुरक्षा व्यवस्था और दूसरी जरूरी सुविधाओं को भी बेहतर बनाया जाएगा. नए टर्मिनल को मार्च 2029 तक चालू करने का लक्ष्य है.

एयरलाइंस के पुराने स्लॉट रहेंगे सुरक्षित

टर्मिनल-1 के पुनर्विकास के दौरान एयरलाइंस को उनके पुराने स्लॉट आवंटन सुरक्षित रखने का भरोसा दिया गया है. उड़ानों को अस्थायी रूप से दूसरे एयरपोर्ट पर भेजने का मकसद निर्माण कार्य के लिए जगह उपलब्ध कराना और एयरपोर्ट का संचालन सुचारू रखना है.

ये भी पढ़ें- दिवाली के बाद झूमा शेयर बाजार…! सेंसेक्स 1,390 अंक उछला, ‘राकेट’ बने PSU बैंक के शेयर

नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरू होने से मुंबई महानगर क्षेत्र में हवाई यातायात का दबाव भी बंटेगा. इससे मुंबई के मौजूदा एयरपोर्ट पर बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के काम में आसानी होगी. साथ ही नवी मुंबई एयरपोर्ट को भी अतिरिक्त उड़ानों के संचालन का मौका मिलेगा.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital