वी मुंबई एयरपोर्ट ने TajSATS से मिलाया हाथ
Navi Mumbai Airport: नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (NMIA) ने सर्दियों के व्यस्त हवाई यातायात को देखते हुए अपनी इनफ्लाइट कैटरिंग सुविधाओं को मजबूत किया है. एयरपोर्ट ने ताजसैट्स (TajSATS) के साथ मिलकर अपने फ्लाइट किचन की क्षमता बढ़ाई है, ताकि 25 अक्टूबर 2026 से 27 मार्च 2027 तक चलने वाले विंटर शेड्यूल के दौरान बढ़ती यात्री और उड़ान मांग को आसानी से पूरा किया जा सके.
फिलहाल यह फ्लाइट किचन रोजाना 40 से ज्यादा उड़ानों को सेवाएं दे रहा है और करीब 7,500 भोजन तैयार करता है. हालांकि जरूरत पड़ने पर इसकी क्षमता बढ़ाकर 15,000 भोजन प्रतिदिन तक की जा सकती है. एयरपोर्ट का मानना है कि आने वाले समय में एयरलाइन नेटवर्क और यात्री संख्या बढ़ने के साथ यह विस्तार काफी अहम साबित होगा.
लगातार बढ़ रहा एयरपोर्ट का नेटवर्क
नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के मुख्य हवाई अड्डा अधिकारी सुभाष मुरिकेंचेरी ने कहा कि एयरपोर्ट का नेटवर्क लगातार बढ़ रहा है, ऐसे में उससे जुड़े बुनियादी ढांचे को भी उसी रफ्तार से विकसित करना जरूरी है. उन्होंने कहा कि ताजसैट्स का फ्लाइट किचन एयरलाइंस को बढ़ती मांग के अनुसार सेवाएं देने में मदद करेगा और यात्रियों के खानपान अनुभव को भी बेहतर बनाएगा.
एयरपोर्ट परिसर के भीतर स्थित इस अत्याधुनिक सुविधा में आधुनिक उत्पादन व्यवस्था, रेफ्रिजरेशन सिस्टम और ऐसी प्रक्रियाएं हैं जो एयरलाइंस के बदलते शेड्यूल और मांग के मुताबिक तेजी से काम कर सकती हैं. इसकी वजह से उड़ानों तक भोजन पहुंचाने की प्रक्रिया भी अधिक तेज और प्रभावी हो जाती है.
बैक कैटरिंग पर निर्भर रहती हैं अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस
NMIA भारत से आने-जाने वाली अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस को स्थानीय मील-अपलिफ्ट सेवाएं भी उपलब्ध कराता है. इससे एयरलाइंस को अपने प्रस्थान स्थल के करीब एक अतिरिक्त कैटरिंग विकल्प मिलता है. एयरपोर्ट के मुताबिक, भारत में परिचालन करने वाली करीब 40 प्रतिशत अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस अब भी अपने फ्लाइट किचन से बैक कैटरिंग पर निर्भर रहती हैं. नई सुविधा इन जरूरतों को पूरा करने में भी मदद करेगी.
यह फ्लाइट किचन घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों तरह की एयरलाइंस को सेवाएं देता है. यहां विशेष भोजन, एलर्जी को ध्यान में रखकर तैयार किए गए मेन्यू और हलाल भोजन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं.
एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, यह सुविधा HACCP, ISO 22000 और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के सभी मानकों का पालन करती है. चार दशक से अधिक अनुभव रखने वाली ताजसैट्स पहले से ही मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर फ्लाइट किचन संचालित कर रही है. नवी मुंबई एयरपोर्ट की यह नई सुविधा भविष्य में बढ़ती कनेक्टिविटी और यात्री संख्या को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



