AI को सुरक्षित बनाना जरूरी (AI IMAGE)
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया से एक बड़ी खबर सामने आई है. टेक दिग्गज OpenAI के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने स्पष्ट किया है कि कंपनी 2026 में अपना आईपीओ (IPO) नहीं लाएगी. उन्होंने कहा कि एआई तकनीकों के तेजी से बढ़ते असर और उससे जुड़े सुरक्षा खतरों को देखते हुए फिलहाल कंपनी को शेयर बाजार में उतारना सही फैसला नहीं होगा.
फॉर्च्यून मैगजीन की एडिटर-इन-चीफ एलिसन शोंटेल को दिए इंटरव्यू में ऑल्टमैन ने खुलकर स्वीकार किया कि इस वक्त मुनाफा कमाने से ज्यादा जरूरी एआई के सुरक्षित विकास पर ध्यान देना है.
सुरक्षा चुनौतियों पर धीमी रफ्तार से काम करने का समर्थन
एन्थ्रोपिक (Anthropic) के सीईओ डारियो अमोदेई द्वारा एआई के संतुलित और धीमे विकास की वकालत करने के तुरंत बाद सैम ऑल्टमैन ने भी उनकी बात का समर्थन किया.
ऑल्टमैन ने कहा, ‘सुरक्षा के मौजूदा हालात को देखते हुए इस समय पब्लिक होना सही फैसला नहीं होगा. हम पर आईपीओ लाने का कोई दबाव भी नहीं है.’
उन्होंने यह संकेत दिया कि आईपीओ की योजना को 2026 के बाद के लिए टाला जा सकता है, क्योंकि कंपनी को अभी एआई सुरक्षा, अलाइनमेंट और मॉनिटरिंग के क्षेत्र में काफी काम करना बाकी है.
अहंकार और मुनाफे से बड़ी है जिम्मेदारी
सैम ऑल्टमैन ने चेतावनी दी कि शक्तिशाली एआई सिस्टम से जुड़े जोखिम बहुत बड़े हैं. ऐसे में टेक कंपनियों और दुनिया भर की सरकारों को एक साथ मिलकर काम करने की सख्त जरूरत है.
उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत अहंकार, व्यावसायिक लाभ या कंपनियों की आपसी प्रतिस्पर्धा इस टेक्नोलॉजी की बड़ी जिम्मेदारियों के आड़े नहीं आनी चाहिए. ऑल्टमैन के मुताबिक, एआई की क्षमताओं में बढ़ोतरी के साथ-साथ उसकी सुरक्षा जांच और नियंत्रण तंत्र को भी उतना ही मजबूत बनाना होगा.
यह भी पढ़ें: नहीं है कोई साधारण ऐप, जानिए डॉलर के खिलाफ BRICS का सीक्रेट मास्टरप्लान
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


