Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

‘तेजी से बढ़ रही अर्थव्यवस्था…’, मुंबई में चल रही ग्लोबल समिट पर पीएम मोदी का बड़ा संदेश; जानें क्या कहा?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने WFE की 65वीं जनरल असेंबली के लिए जारी संदेश में भारतीय अर्थव्यवस्था और पूंजीगत बाजार की तेज वृद्धि का जिक्र किया.

WFE 65th General Assembly: भारत में दो दशकों के लंबे अंतराल के बाद वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ एक्सचेंज्स (WFE) की 65वीं जनरल असेंबली और एनुअल मीटिंग का भव्य आयोजन हो रहा है. इस ऐतिहासिक वैश्विक सम्मेलन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक विशेष लिखित संदेश जारी कर कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्थाओं में से एक बना हुआ है और देश की अर्थव्यवस्था के साथ-साथ हमारा पूंजीगत बाजार (Capital Market) भी अभूतपूर्व रफ्तार से आगे बढ़ रहा है.

इस दौरान पीएम मोदी ने कार्यक्रम के आयोजक नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (NSE) और WFE को बधाई देते हुए दुनिया भर से आए प्रतिनिधियों का गर्मजोशी से स्वागत किया.

शेयर बाजार में आम लोगों की रिकॉर्ड भागीदारी

अपने संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय बाजारों में खुदरा निवेशकों (Retail Investors) के बढ़ते रुझान पर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि पूंजीगत बाजार के विस्तार से कंपनियों को पूंजी जुटाने, अपने परिचालन को बढ़ाने और विकास के नए अवसरों में शामिल होने का बड़ा मौका मिला है. पीएम मोदी ने रेखांकित किया कि आज म्यूचुअल फंड्स जैसे निवेश साधनों के जरिए निवेश अभूतपूर्व स्तरों पर पहुंच चुका है.

यह बेहद उत्साहजनक है कि देश का आम नागरिक अब बड़ी संख्या में बाजारों का हिस्सा बन रहा है, जिससे उन्हें देश की आर्थिक विकास यात्रा में सीधा भागीदार बनने का अवसर मिल रहा है.

UPI ने बदली वित्तीय समावेशन की तस्वीर

पीएम मोदी ने पिछले एक दशक में भारत के वित्तीय क्षेत्र में आए क्रांतिकारी बदलावों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि बैंकिंग, बीमा और डिजिटल वित्तीय सेवाओं के विस्तार ने लाखों नागरिकों को औपचारिक वित्तीय प्रणाली (Formal Financial System) से जोड़ा है. भारत के डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर-जिसमें जेएएम (JAM) ट्रिनिटी और यूपीआई (UPI) शामिल हैं-ने पूरी दुनिया को यह दिखाया है कि तकनीक किस तरह बड़े पैमाने पर वित्तीय सेवाओं की पहुंच को बदल सकती है. बाजार के बुनियादी ढांचे में हुए तकनीकी सुधारों और निवेश प्लेटफॉर्म्स तक आसान पहुंच ने पूंजी बाजार में जनभागीदारी को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है.

AI के दौर में निवेशकों के ‘भरोसे’ पर जोर

वित्तीय जगत में आ रही नई तकनीकों पर बात करते हुए प्रधानमंत्री ने एक बेहद महत्वपूर्ण चेतावनी और संदेश भी दिया. उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और नई तकनीकें बाजारों के काम करने के तरीके को तेजी से बदल रही हैं. इससे जहां नए अवसर पैदा हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर साइबर सुरक्षा, बाजार की निष्पक्षता और निवेशकों की सुरक्षा से जुड़े गंभीर सवाल भी खड़े हो रहे हैं. पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि तकनीक भले ही यह तय करे कि बाजार कितनी तेजी से विकसित होंगे, लेकिन इस पूरे वित्तीय तंत्र के विकास में ‘भरोसा’ (Trust) हमेशा सबसे अहम स्तंभ बना रहेगा.

मुंबई में 17 से 19 नवंबर तक चल रहा है यह वैश्विक सम्मेलन

गौरतलब है कि वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ एक्सचेंज्स (WFE) की यह 65वीं जनरल असेंबली और एनुअल मीटिंग 17 से 19 नवंबर, 2026 तक देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में आयोजित की जा रही है. इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी भारत का प्रमुख स्टॉक एक्सचेंज NSE कर रहा है, जिसमें वैश्विक वित्तीय बाजारों के भविष्य और चुनौतियों पर मंथन हो रहा है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism