Bharat Express DD Free Dish

भारत में होने जा रही Tesla की धमाकेदार एंट्री, जानें कहां खुलेगा पहला शोरूम और कितनी होगी इसकी कीमत?

टेस्ला ने भारत में एंट्री ले ली है. संभावना है कि कंपनी पहले Tesla Model Y को यहां के बाजार में उतारेगी. ऐसे में चलिए जानते हैं इसका पहला शोरूम कहां खुलेगा और कितनी होगी किमत?

Tesla India Entry

Tesla India Entry: सालों के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार टेस्ला की इंडिया में एंट्री होने जा रही है. टेस्ला की कारों को कई बार अलग-अलग मौकों पर भारतीय सड़कों पर स्पॉट किया गया था, लेकिन अब इन कारों का इंतजार खत्म होने जा रहा है. टेस्ला लंबे इंतजार के बाद इंडिया में अपने ऑफिशियल ऑपरेशन की शुरुआत करने जा रही है ऐसे में चलिए हम आपको बताते हैं इस कंपनी का पहला शोरूम कहां खुलेगा और इसकी कीमत कितनी होगी.

कहां खुलेगा पहला शोरूम?

एलन मस्क के नेतृत्व वाली अमेरिकी इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला 15 जुलाई को इंडिया में पहला शोरूम मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लैक्स (BKC) में शुरू किया जाएगा. इतना ही नहीं इस शोरूम की शुरुआत के साथ टेस्ला की साउथ एशिया में एक फॉर्मल और धमाकेदार एंट्री भी होगी. टेस्ला के इस पहले शोरूम से इंडिया ऑपरेशन की शुरुआत होगी.

ग्राहकों को नजदीक से देखने का मिलेगा मौका

मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में शोरूम का काम तकरीबन खत्म हो चुका है. ये शोरूम ग्राहकों के लिए टेस्ला के ‘एक्सपीरिएंस सेंटर’ के तौर पर काम करेगा, जिसमें ग्राहकों को टेस्ला की कारों को नजदीक से देखने और समझने का मौका मिलेगा. टेस्ला भारत में डायरेक्ट-टू-कस्टमर (Direct-to-Customer) रिटेल मॉडल के साथ वाहनों की बिक्री करेगी. लेकिन कारों की बिक्री के बाद सहायता के लिए ब्रांड के पास स्थानीय साझेदार भी होंगे. जो आफ्टर सेल्स सपोर्ट मुहैया कराएंगे.

मुंबई के बाद टेस्ला यहां खोलेगी अगला शोरूम

इसके अलावा मुंबई के बाद टेस्ला देश की राजधानी दिल्ली में भी अगला शोरूम खोलेगी. हाल ही में टेस्ला ने मुंबई और पुणे में अलग-अलग पदों पर वैकेंसी भी निकाली थी. जिसमें सेल्स एक्जीक्यूटिव, सप्लाई चेन, ऑपरेशन बिजनेस सपोर्ट, चार्जिंग इंफ्रा, एआई और रोबोटिक, इंजीनियरिंग और आईटी, सेल्स और कस्टमर सपोर्ट सहित कई अलग-अलग नौकरियों के लिए आवदेन मांगे गए थें.

भारत पहुंची चीन में बनी टेस्ला की कारें

टेस्ला की कारों का पहला सेट भारत पहुंच चुका है. टेस्ला की मशहूर इलेक्ट्रिक एसयूवी – मॉडल वाई (Model Y) रियर-व्हील ड्राइव को चीन में स्थित टेस्ला की फैक्ट्री से भारत भेजा गया है. कंपनी ने इस कार के कुल 5 यूनिट को चीन के शंघाई से भारत में इंपोर्ट किया है. Model Y दुनिया की बेस्ट सेलिंग इलेक्ट्रिक कारों में से एक है और कंपनी इसी कार से भारत में अपने सफर की शुरुआत कर सकती है.

यूरोप और चीन के बाजार में भारी गिरावट से जूझ रही टेस्ला

रिपोर्ट में यह भी बताया गया था कि, टेस्ला ने अमेरिका, चीन और नीदरलैंड से सुपरचार्जर कंपोनेंट, कार एक्सेसरीज, मर्चेंडाइज और स्पेयर्स को भी इंपोर्ट किया है. दुनिया के सबसे रईस शख्स एलन मस्क (Elon Musk) के नेतृत्व वाली टेस्ला इस समय यूरोप और चीन के बाजार में बिक्री में भारी गिरावट से जूझ रही है. यही कारण है कि टेस्ला जल्द से जल्द दुनिया के तीसरे सबसे बड़े ऑटोमोबाइल बाजार यानी भारत में प्रवेश करने की योजना बना रही है.

जानें कितनी होगी कीमत?

हालांकि आधिकारिक लॉन्च से पहले टेस्ला की पहली कार की कीमत के बारे में कुछ भी कहना मुश्किल है. लेकिन बताया गया है कि, इंपोर्ट की गई इन कारों में से प्रत्येक मॉडल की कीमत 27.7 लाख रुपये (लगभग 31,988 डॉलर) घोषित की गई है और इन पर 21 लाख रुपये से अधिक का इंपोर्ट ड्यूटी लगाई गई है. अब लॉन्च के बाद ही इस कार की कीमत का खुलासा हो सकेगा.

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read