Sensex Today: मजबूत ग्लोबल संकेतों के चलते बुधवार (29 जनवरी) को भारतीय शेयर बाजार (Share Market) तेजी के साथ खुला. बाजार में चौतरफा खरीदारी देखी जा रही है. सुबह 9:30 पर सेंसेक्स 102 अंक या 0.14 प्रतिशत बढ़कर 76,004 और निफ्टी 27 अंक या 0.12 प्रतिशत बढ़कर 22,984 पर था. लार्जकैप की अपेक्षा मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में तेजी का ट्रेंड देखा जा रहा है. निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 444 अंक या 0.86 प्रतिशत बढ़कर 51,973 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 229 अंक या 1.43 प्रतिशत बढ़कर 16,237 पर था.
ऑटो, आईटी, पीएसयू बैंक, फाइनेंशियस सर्विसेज, फार्मा, मेटल, रियल्टी, मीडिया, एनर्जी, प्राइवेट बैंक और कमोडिटी इंडेक्स में तेजी के साथ कारोबार हो रहा है. केवल एफएमसीजी इंडेक्स लाल निशान में है.
ग्लोबल बाजारों से अच्छे संकेत दिखे
ग्लोबल बाजारों से अच्छे संकेत दिख रहे हैं. प्री-ओपनिंग में बाजार बढ़त के साथ शुरुआत के संकेत मिले. सुबह GIFT निफ्टी (Nifty) 50 अंक चढ़कर 23000 के ऊपर था और डाओ फ्यूचर्स सुस्त दिखा. निक्केई करीब 200 अंक मजबूत था. कल की तेजी में घरेलू फंड्स ने 6800 करोड़ रुपए की बड़ी खरीदारी की. FIIs ने कैश और इंडेक्स फ्यूचर्स में 5400 करोड़ की बिकवाली समेत नेट 2900 करोड़ का माल बेचा.
चॉइस ब्रोकिंग का कहना है कि सकारात्मक शुरुआत के बाद निफ्टी के लिए 22,800 एक अहम सपोर्ट है. इसके लिए 22,650 और 22,500 एक मजबूत सपोर्ट होगा. तेजी की स्थिति में 23,050 एक रुकावट का स्तर होगा. अगर यह ब्रेक होता है तो इसके बाद 23,150 और 23,300 एक अहम रुकावट का स्तर हो सकता है.
ये रहे टॉप गेनर्स
सेंसेक्स पैक में जोमैटो, इन्फोसिस, टीसीएस, टेक महिंद्रा, टाटा स्टील, एचसीएल टेक, बजाज फाइनेंस, टाटा मोटर्स, बजाज फिनसर्व, कोटक महिंद्रा, एसबीआई, अल्ट्राटेक सीमेंट, पावर ग्रिड और एनटीपीसी टॉप गेनर्स थे. नेस्ले, एचयूएल, एशियन पेंट्स, एक्सिस बैंक, आईटीसी, भारती एयरटेल और आईसीआईसीआई बैंक टॉप लूजर्स थे.
एशियाई बाजारों में तेजी के साथ कारोबार हो रहा है. टोक्यो और बैंकॉक के बाजार हरे निशान में हैं. लूनर न्यू ईयर के कारण शंघाई, सियोल और ताइपे के बाजार बंद हैं. अमेरिकी बाजार मंगलवार के कारोबारी सत्र में हरे निशान में बंद हुए थे. चीनी एआई मॉडल डीपसीक (DeepSeek) से आई गिरावट के बाद अमेरिका में टेक शेयरों में फिर तेजी देखने को मिली. नैस्डेक (Nasdaq) 2 प्रतिशत से अधिक की तेजी के साथ बंद हुआ.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

