पत्रकार एल.एन. सिंह हत्याकांड .
Journalist Murder In Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद जिले में एक पत्रकार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात को अंजाम दी गई, जहां पत्रकार एल.एन. सिंह उर्फ पप्पू को चाकू घोंपे गए. संवाददाता ने बताया कि धूमनगंज के अलकापुरी कॉलोनी निवासी एल.एन. सिंह पर हर्ष होटल के पास अज्ञात व्यक्तियों ने हमला किया और फिर वहां से फरार हो गए.
घायल पत्रकार की अस्पताल में मौत
वारदात की सूचना पुलिस उपायुक्त (नगर) मनीष कुमार शांडिल्य को मिली. तब पुलिस टीम ने गंभीर रूप से घायल पत्रकार पप्पू को स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया. हालांकि, इलाज के दौरान देर रात पत्रकार की मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने हत्यारों को पकड़ने के लिए इलाहाबाद में सघन तलाशी अभियान शुरू किया.
मुख्य आरोपी का एनकाउंटर, गिरफ्तार
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अजय पाल शर्मा ने बताया कि पत्रकार हत्याकांड के मुख्य आरोपी विशाल को पुलिस मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया है. उसे बहरहाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
हत्या के पीछे पुरानी रंजिश का अंदेशा
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी विशाल ने बताया कि हत्या में प्रयुक्त हथियार खुल्दाबाद थाना क्षेत्र से खरीदा गया था. यह भी जानकारी मिली है कि हत्या से दो दिन पूर्व किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. पुलिस ने हत्या में शामिल अन्य दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे लगातार पूछताछ जारी है. पुलिस अन्य फरार संदिग्धों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस वारदात के पीछे पुरानी रंजिश का अंदेशा है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



