AI द्वारा बनाई गई तस्वीर
मध्य प्रदेश के इंदौर में साइबर अपराधियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कर ठगी की एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है. इस घटना ने पूरे शहर को हिला कर रख दिया है. एमआईजी थाना क्षेत्र में बदमाशों ने 16 वर्षीय किशोर के नाम पर उसके परिवार को वीडियो कॉल कर बंधक बनाए जाने का झांसा दिया और चाकू से गला काटने की धमकी देकर 1 लाख 2 हजार रुपये की वसूली कर ली.
जानिए पूरा मामला
पीड़ित परिवार के अनुसार, उनका बेटा रोज की तरह कोचिंग जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा. परिवार उसकी तलाश में जुटा ही था कि अगले दिन अज्ञात बदमाशों का वीडियो कॉल आया. कॉल पर किशोर को बंधक जैसी स्थिति में दिखाया गया. आरोपियों ने खुद को अपहरणकर्ता बताया और बच्चे पर चाकू से हमला करने तथा गला काटने की धमकी दी.
वीडियो में दिखाई गई भयावह तस्वीरों से परिवार दहशत में आ गया. बदमाशों ने पहले 30 हजार रुपये की मांग की. बेटे की जान बचाने की खातिर घबराए परिवार ने तुरंत रकम ट्रांसफर कर दी. इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग किश्तों में कुल 1 लाख 2 हजार रुपये अपने खातों में डलवा लिए.
AI से लाखों की ठगी
बाद में जांच में सामने आया कि यह पूरा घटनाक्रम AI तकनीक की मदद से तैयार किया गया था. अपराधियों ने नकली वीडियो बनाकर परिवार को गुमराह किया और ठगी को अंजाम दिया.
ये भी पढ़ें: सरकारी दफ्तर में पढ़ी नमाज, वीडियो वायरल होते ही राजनीतिक बयानबाजी तेज; मामला CM तक पहुंचा
इंदौर क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि साइबर ठग अब AI तकनीक का दुरुपयोग कर रहे हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है. अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि ऐसे किसी भी वीडियो कॉल या धमकी भरे संदेश पर घबराने के बजाय तुरंत पुलिस से संपर्क करें.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


