Bharat Express DD Free Dish

सरकारी नौकरी अलर्ट: AIIMS में नर्सिंग ऑफिसर पदों पर बंपर वैकेंसी, जानें योग्यता और सैलरी की पूरी डिटेल

AIIMS ने NORCET-11 परीक्षा के जरिए नर्सिंग ऑफिसर के 2,218 पदों पर भर्तियां निकाली हैं. 13 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकते हैं. प्रीलिम्स परीक्षा 12 सितंबर को होगी.

AIIMS NORCET-11 Notification Out For 2218 Nursing Officer Posts

AIIMS NORCET-11 Notification (AI IMAGE)

AIIMS Nursing Officer Recruitment: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए शानदार मौका सामने आया है. अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) ने नई दिल्ली समेत देश भर के विभिन्न एम्स में नर्सिंग ऑफिसर के 2,218 पदों पर भर्ती के लिए NORCET-11 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है.

क्या है आवेदन की तारीख

इच्छुक और योग्य उम्मीदवार एम्स की आधिकारिक वेबसाइट norcet11.aiimsexams.ac.in पर जाकर 13 अगस्त शाम 5 बजे तक अपना फॉर्म भर सकते हैं.

बता दें कि परीक्षा दो चरणों में आयोजित की जाएगी. पहला चरण (प्रीलिम्स) 12 सितंबर को होगा, जबकि दूसरा चरण (मेन्स) 30 सितंबर को आयोजित किया जाएगा. एप्लीकेशन स्टेटस 24 अगस्त को जारी होगा, जबकि परीक्षा शहर की जानकारी 3 सितंबर को और एडमिट कार्ड 9 सितंबर को अपलोड कर दिए जाएंगे.

योग्यता और आयु सीमा

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास मान्यता प्राप्त संस्थान से बीएससी (ऑनर्स) नर्सिंग / बीएससी नर्सिंग या पोस्ट-बेसिक बीएससी नर्सिंग की डिग्री होनी चाहिए और उनका नर्स व मिडवाइफ के रूप में रजिस्ट्रेशन होना अनिवार्य है.

अगर आपने जनरल नर्सिंग मिडवाइफरी (GNM) में डिप्लोमा किया है, तो रजिस्ट्रेशन के साथ-साथ कम से कम 50 बेड वाले अस्पताल में 2 साल का अनुभव होना जरूरी है.

उम्मीदवारों की उम्र 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए. आयु की गणना 13 अगस्त के आधार पर की जाएगी. आरक्षित वर्ग के आवेदकों को सरकारी नियमानुसार अधिकतम उम्र सीमा में छूट मिलेगी.

सैलरी और आवेदन शुल्क

चयनित उम्मीदवारों को 9,300 से 34,800 रुपये का पे-बैंड और 4,600 रुपये का ग्रेड-पे मिलेगा. वहीं, आवेदन फीस की बात करें तो जनरल और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को 3,000 रुपये चुकाने होंगे. वहीं एससी, एसटी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के आवेदकों के लिए फीस 2,400 रुपये रखी गई है. दिव्यांग (PwBD) श्रेणी के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से पूरी तरह छूट दी गई है.

ये भी पढ़ें:

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read