Samrat Choudhary Statement: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (Samrat Choudhary) ने राज्य की उच्च शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और छात्रों को राज्य में रोकने के लिए एक बड़ा सुझाव दिया है. उन्होंने कहा है कि कॉलेज परिसरों और संसाधनों का पूरा इस्तेमाल करने के लिए कॉलेजों में कक्षाओं का समय बढ़ाकर रात 8 बजे तक किया जाना चाहिए.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एएन कॉलेज के कार्यक्रम में दोपहर बाद कैंपस खाली होने पर चिंता जताई और कॉलेजों में रात 8 बजे तक क्लास चलाने का सुझाव दिया, जिसे लागू करने की तैयारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि छात्रों को पढ़ाई के लिए बाहर न जाना पड़े, इसके लिए सरकार 200 से अधिक नए कॉलेज और यूनिवर्सिटी खोलेगी (Bihar Higher Education).
सीएम ने साफ किया कि यूनिवर्सिटी निर्माण में जमीन की कमी को आड़े नहीं आने दिया जाएगा और राज्य के बढ़े हुए बजट के दम पर शिक्षा व्यवस्था का कायाकल्प किया जाएगा.
दोपहर में कैंपस खाली होने पर जताई चिंता
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एएन कॉलेज के कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान कहा कि जब उन्होंने कॉलेज की प्रिंसिपल से क्लास के समय के बारे में पूछा, तो पता चला कि दोपहर 2 बजे के बाद ही पूरा कैंपस खाली हो जाता है. सीएम ने कहा कि बुनियादी ढांचे का इस तरह खाली रहना ठीक नहीं है. उन्होंने सुझाव दिया कि राज्य के कॉलेजों में सुबह से लेकर रात 8 बजे तक क्लासेस होने चाहिए, जिससे संसाधनों का पूरा इस्तेमाल हो सके.
उच्च शिक्षा के लिए पलायन रोकना मुख्य लक्ष्य (Samrat Choudhary College Timing)
सीएम ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए पंजाब और महाराष्ट्र जैसे दूसरे राज्यों मे जाना पड़ता है. सरकार का लक्ष्य बिहार की शिक्षा व्यवस्था को इतना मजबूत बनाना है कि राज्य के युवाओं को बाहर न जाना पड़े. 13 करोड़ की आबादी के लिहाज से मौजूदा इंफ्रास्ट्रक्चर को नाकाफी बताते हुए उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही राज्य में 200 से अधिक नए कॉलेज और कई नई यूनिवर्सिटीज व ओपन यूनिवर्सिटीज खोलने जा रही है.
जमीन की कमी नहीं बनेगी बाधा
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नई यूनिवर्सिटी बनाने के रास्ते में जमीन की कमी को रुकावट नहीं बनने दिया जाएगा और इससे जुड़े प्रस्तावों को तुरंत कैबिनेट में लाया जाएगा. इस दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यों की सराहना भी की.
सीएम ने राज्य के बढ़ते बजट का जिक्र करते हुए कहा कि कभी बिहार का बजट महज 6 हजार करोड़ रुपये था, जो आज बढ़कर 3.17 लाख करोड़ रुपये हो चुका है. इसी आर्थिक मजबूती के दम पर सरकार शिक्षा के क्षेत्र में यह बड़ा बदलाव करने जा रही है.
यह भी पढ़ें: ट्रक से शराब लूटने की मची होड़! बच्चें महिला बुजुर्ग तक कार्टन लेकर भागते दिखे, वीडियो वायरल
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





