CBSE Board Result 2025: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं सफलतापूर्वक आयोजित कर ली हैं. ये परीक्षाएं 15 फरवरी से 4 अप्रैल 2025 के बीच हुई थीं. इस बार लगभग 42 लाख छात्रों ने परीक्षा में भाग लिया. इसमें से 24.12 लाख विद्यार्थी कक्षा 10वीं की परीक्षा में शामिल हुए, जो 84 विषयों में आयोजित हुई थी, जबकि 17.88 लाख छात्रों ने कक्षा 12वीं की परीक्षा दी, जो 120 विषयों में आयोजित की गई थी. अब जब कई राज्य बोर्ड अपने रिजल्ट घोषित कर चुके हैं, तो छात्रों के मन में सवाल है कि CBSE के नतीजे कब आएंगे.
पिछले ट्रेंड को देखते हुए, CBSE के नतीजे मई 2025 में आने की उम्मीद है. साल 2024 में कक्षा 10वीं और 12वीं के नतीजे 13 मई को जारी किए गए थे, जबकि 2023 में परिणाम 12 मई को घोषित हुए थे. 2022 में कोविड-19 महामारी के प्रभाव के चलते रिजल्ट की घोषणा में देरी हुई थी और परिणाम 22 जुलाई को जारी किए गए. वहीं, 2021 में भी महामारी के कारण परीक्षा प्रक्रिया प्रभावित हुई थी, जिस वजह से नतीजे 3 अगस्त को घोषित किए गए थे. इन आंकड़ों से साफ है कि सामान्य परिस्थितियों में सीबीएसई मई महीने के मध्य तक अपने बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित कर देता है.
रिजल्ट चेक करने के लिए आधिकारिक वेबसाइट्स पर जाएं:
cbse.gov.in
cbseresults.nic.in
results.cbse.nic.in
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

