Bharat Express DD Free Dish

DUSU Elections 2026: दिल्ली यूनिवर्सिटी में मतदान शुरू, कड़े सुरक्षा पहरे के बीच किस्मत आजमा रहे 20 उम्मीदवार

दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव 2026 के तहत आज दो शिफ्टों में मतदान कराया जा रहा है. यूनिवर्सिटी के चार प्रमुख पदों के लिए कुल 20 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें मुख्य मुकाबला एबीवीपी, एनएसयूआई और एआईएसए-एसएफआई गठबंधन के बीच है. सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच 19 सितंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे.

DUSU Elections 2026

दिल्ली यूनिवर्सिटी में मतदान शुरू

DUSU Elections 2026: दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव (DUSU) 2026 के लिए आज यानी 18 सितंबर को मतदान की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. यूनिवर्सिटी के चार अहम केंद्रीय पदों अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के लिए कुल 20 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. इस बार का मुकाबला काफी दिलचस्प माना जा रहा है.

दो शिफ्टों में हो रहा मतदान

छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार वोटिंग दो शिफ्टों में कराई जा रही है. सुबह की शिफ्ट में कक्षाएं लेने वाले छात्र सुबह 8:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक अपना वोट डाल सकते हैं. वहीं शाम की कक्षाओं के छात्रों के लिए दोपहर 3:00 बजे से शाम 7:30 बजे तक का समय तय किया गया है. चुनाव को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए यूनिवर्सिटी प्रशासन ने ईवीएम की खास व्यवस्था की है. इसके बाद सभी की निगाहें कल यानी 19 सितंबर पर टिकी होंगी, जब नॉर्थ कैंपस के यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स स्टेडियम स्थित मल्टीपर्पस हॉल में सुबह 8:00 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी.

मैदान में दिग्गजों की टक्कर

इस बार के चुनाव में ABVP, NSUI और AISA-SFI गठबंधन के बीच मुख्य मुकाबला देखने को मिल रहा है. इनके अलावा कई निर्दलीय और अन्य छोटे संगठनों के उम्मीदवार भी मैदान में ताल ठोक रहे हैं.

अध्यक्ष पद: इस मुख्य पद के लिए कुल 7 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिसमें एबीवीपी की ओर से यश डबास, एनएसयूआई से विजय शंकर मीणा और गठबंधन की तरफ से अन्य रतूड़ी के अलावा अशमित कुमार, एजाज मंसूरी, समर्थ बेनीवाल और समीर कुमार दावेदार हैं.

अन्य पद: उपाध्यक्ष पद के लिए 5, सचिव पद के लिए 4 और संयुक्त सचिव पद के लिए 4 उम्मीदवार अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें- जड़ी-बूटियों से AI तक: ICABB 2027 में लिखी जाएगी नई इबारत, JIIT में जुटेंगे दुनियाभर के वैज्ञानिक

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

कैंपस में चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. नॉर्थ और साउथ कैंपस में भारी संख्या में पुलिस बल और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है. सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने के लिए नॉर्थ कैंपस को 5 जोन और 23 सेक्टरों में बांटा गया है. संवेदनशील इलाकों और कॉलेज के गेट्स पर विशेष नजर रखी जा रही है, साथ ही कुछ चुनिंदा रास्तों जैसे चंद्रबाग रोड, रोबिन रोड और यूनिवर्सिटी रोड पर गाड़ियों की आवाजाही पर पाबंदियां लगाई गई हैं ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read