NCRTC Recruitment 2026: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए काम की खबर है. राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने अलग-अलग विभागों में भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं. इस भर्ती अभियान के तहत सुपरवाइजर और नॉन-सुपरवाइजर कैटेगरी के कुल 23 पद भरे जाएंगे. खास बात यह है कि इन पदों पर चयनित होने वाले उम्मीदवारों को पद के हिसाब से हर महीने 18,250 रुपये से लेकर 1,15,000 रुपये तक वेतन मिल सकता है.
NCRTC ने भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है और ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 10 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है. इच्छुक उम्मीदवार 9 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. आवेदन करने की अंतिम समय सीमा रात 11:55 बजे तक है. ऐसे में उम्मीदवारों को आखिरी तारीख का इंतजार करने के बजाय समय रहते फॉर्म भरने की सलाह दी जाती है.
किन पदों पर होगी भर्ती?
इस भर्ती में आईटी, इलेक्ट्रिकल, सिविल, फिटर समेत कई क्षेत्रों के पद शामिल हैं. इनमें सुपरवाइजर-I (इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी) के 5 पद हैं. इसके अलावा फुल स्टैक डेवलपर से जुड़े 2 पद और AFC एवं NCMC (ITMS) से संबंधित सुपरवाइजर-I का 1 पद रखा गया है.
वहीं, कॉर्पोरेट हॉस्पिटैलिटी और कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन्स के लिए एक-एक पद है. इलेक्ट्रिकल विभाग में सुपरवाइजर-I के 2 पद और सिविल विभाग में 7 पद हैं. इसके साथ ही जूनियर मेंटेनर (इलेक्ट्रिकल) के 2 और जूनियर मेंटेनर (फिटर) के 2 पद भी भर्ती प्रक्रिया में शामिल हैं.
कौन कर सकता है आवेदन?
इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता अलग-अलग पद के अनुसार तय की गई है. संबंधित क्षेत्र में मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से तीन साल का फुल-टाइम डिप्लोमा, BCA, BSc (IT), BE, BTech, MCA या उसके बराबर की योग्यता रखने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं.
कुछ पदों के लिए ग्रेजुएशन या पोस्ट ग्रेजुएशन, पीजी डिप्लोमा, तीन वर्षीय डिप्लोमा या संबंधित ट्रेड में ITI (NCVT/SCVT) सर्टिफिकेट भी मान्य है. इसलिए उम्मीदवार आवेदन करने से पहले अपने पद के लिए निर्धारित योग्यता जरूर जांच लें.
उम्र सीमा कितनी है?
सभी पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 28 वर्ष रखी गई है. उम्र की गणना 10 सितंबर 2026 के आधार पर की जाएगी. हालांकि, आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के मुताबिक अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी.
ध्यान देने वाली बात यह है कि सभी तरह की आयु छूट को जोड़ने के बाद भी उम्मीदवार की अधिकतम आयु 50 वर्ष से ज्यादा नहीं होनी चाहिए.
कैसे होगा चयन?
भर्ती में उम्मीदवारों का चयन एक ही चरण में नहीं होगा. सबसे पहले प्राप्त आवेदनों की जांच की जाएगी. इसके बाद योग्य उम्मीदवारों को कंप्यूटर आधारित परीक्षा यानी CBT में शामिल होना होगा. चयन प्रक्रिया में मेडिकल फिटनेस टेस्ट और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन भी शामिल रहेगा.
इन सभी चरणों में सफल रहने वाले उम्मीदवारों को संबंधित पद पर नियुक्ति दी जाएगी. वेतन पद के अनुसार अलग-अलग होगा और यह 18,250 रुपये से 1,15,000 रुपये प्रति माह तक हो सकता है. इसके अलावा नियुक्त उम्मीदवारों को नियमों के अनुसार दूसरे लाभ और भत्ते भी मिलेंगे.
कितना देना होगा आवेदन शुल्क?
आवेदन के दौरान उम्मीदवारों को अपनी कैटेगरी के अनुसार शुल्क जमा करना होगा. सामान्य, OBC (NCL), EWS और एक्स-सर्विसमैन कैटेगरी के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये रखा गया है. इसमें ट्रांजैक्शन प्रोसेसिंग चार्ज और लागू होने पर GST भी शामिल है.
वहीं SC, ST और PwBD कैटेगरी के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क में छूट दी गई है.
यह भी पढ़ें- निजी स्कूलों के 37 लाख शिक्षकों के लिए राष्ट्रीय बोर्ड गठन की मांग; सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका दायर
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



