Bharat Express DD Free Dish

NEET पेपर लीक से री-एग्जाम तक: कड़े पहरे में NTA की अग्नीपरीक्षा, देखें पूरी टाइमलाइन

NTA NEET Re-Eexam Timeline: आज 21 जून 2026 को देश भर में नीट (NEET-UG) का री-एग्जाम आयोजित हो रहा है. यही कारण है कि आज NTA की अग्नीपरीक्षा हो रही है. 3 मई को पेपर लीक की शिकायत के बाद परीक्षा रद्द होने, सीबीआई जांच और टेलीग्राम बैन से लेकर आज की परीक्षा तक की पूरी टाइमलाइन देखें

NTA NEET Re Eexam Timeline

NTA NEET Re-Eexam Timeline: देश के चिकित्सा इतिहास की सबसे विवादित और बहुप्रतीक्षित परीक्षाओं में से एक, नीट (NEET-UG) की दोबारा परीक्षा का दिन आखिरकार आ ही गया है. आज, यानी 21 जून 2026 को देश भर के निर्धारित केंद्रों पर लाखों छात्र भारी सुरक्षा और कड़े पहरे के बीच दोबारा परीक्षा (Re-Exam) दे रहे हैं. यह सिर्फ एक परीक्षा नहीं है, बल्कि देश के 23 लाख से अधिक होनहार छात्रों के भविष्य, उनकी रातों की नींद और माता-पिता की गाढ़ी कमाई के इंसाफ की जंग है.

3 मई को देश भर में आयोजित हुई मुख्य परीक्षा के बाद से शुरू हुआ यह घटनाक्रम आज अपने अंतिम मुकाम पर पहुंच गया है, जहां नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की साख और सरकार की प्रशासनिक क्षमता दोनों की अग्निपरीक्षा हो रही है. आइये जानें आज से पहले की इसकी पूरी टाइम लाइन क्या है?

दाग से लेकर दोबारा परीक्षा तक (NEET UG Re-Exam)

  • 3 मई: देश भर के परीक्षा केंद्रों पर नीट-यूजी परीक्षा का आयोजन हुआ, जिसमें रिकॉर्ड 23 लाख से अधिक मेडिकल छात्र शामिल हुए.
  • 7 मई: राजस्थान के केंद्रों से बड़े पैमाने पर पेपर लीक और गड़बड़ी की पुख्ता शिकायतें नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के टेबल तक पहुंचीं.
  • 12 मई: चौतरफा दबाव और शुरुआती सबूतों के बाद सरकार ने परीक्षा को पूरी तरह रद्द कर दिया और मामले की कमान केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी.
  • 15 मई: लाखों छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए एनटीए और शिक्षा मंत्रालय ने आधिकारिक तौर पर नीट री-एग्जाम की तारीख की घोषणा की.
  • 24 मई: देश की सर्वोच्च अदालत ने एनटीए की खिंचाई करते हुए भविष्य में होने वाली परीक्षाओं को फुलप्रूफ बनाने के लिए एक व्यापक सुधार प्लान मांगा.
  • 14 जून: एनटीए ने कड़े सुरक्षा दिशा-निर्देशों के साथ दोबारा परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के लिए फ्रेश एडमिट कार्ड जारी किए.
  • 16 जून: सेंसेटिव पेपर लीक इनपुट के आधार पर सरकार ने प्रश्नपत्रों के अवैध सर्कुलेशन को रोकने के लिए ‘टेलीग्राम’ ऐप पर अस्थायी बैन लगा दिया.
  • 17 जून: सरकार के इस कड़े फैसले और बैन के खिलाफ टेलीग्राम प्रबंधन ने तुरंत हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया.
  • 19 जून: हाई कोर्ट ने राष्ट्रीय सुरक्षा और छात्रों के भविष्य को सर्वोपरि मानते हुए टेलीग्राम की याचिका को पूरी तरह खारिज कर दिया.
  • 21 जून: कड़े पहरे, जैमर्स और हाई-टेक चेकिंग के बीच देश भर में नीट की दोबारा परीक्षा का आयोजन सफलतापूर्व शुरू.

ये भी पढ़ें: भारतीय नौसेना में शामिल हुए 3 और ‘मेड इन इंडिया’ युद्धपोत, रक्षा आत्मनिर्भरता पर गरजे पीएम मोदी

आज है NTA की अग्नीपरीक्षा ( NEET UG Re-Exam Update)

3 मई को परीक्षा के आयोजन से लेकर आज 21 जून को हो रहे री-एग्जाम तक का यह सफर देश की शिक्षा व्यवस्था और डिजिटल सुरक्षा के लिहाज से एक बड़े ‘सिस्टम ओवरहॉल’ (व्यवस्था सुधार) का गवाह बना है. इस दौरान जहां देश की सबसे बड़ी अदालत (सुप्रीम कोर्ट) ने एनटीए को सख्त हिदायत देते हुए परीक्षा प्रणाली में बड़े सुधार का ब्लूप्रिंट मांगा, वहीं दूसरी तरफ सरकार ने प्रश्नपत्रों के अवैध प्रसार को रोकने के लिए मैसेजिंग ऐप ‘टेलीग्राम’ पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने जैसा अभूतपूर्व और कड़ा कदम भी उठाया.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read