RRB Group D Exam 2025: भारतीय रेलवे में नौकरी का सपना देख रहे लाखों युवाओं के लिए खुशखबरी है. रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) जल्द ही ग्रुप D पदों के लिए परीक्षा आयोजित करने जा रहा है. इस भर्ती अभियान के तहत कुल 1,03,769 पदों को भरा जाएगा. बता दें कि इस परीक्षा के लिए 1 करोड़ 8 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों ने आवेदन किया है. यानी प्रतिस्पर्धा बेहद कड़ी रहने वाली है.
परीक्षा की तारीखें तय
आरआरबी की ग्रुप D परीक्षा 17 नवंबर से 31 दिसंबर 2025 के बीच देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी. बोर्ड ने तैयारी लगभग पूरी कर ली है और अब उम्मीदवारों को सिटी इंटिमेशन स्लिप और एडमिट कार्ड का इंतजार है.
कब जारी होंगे सिटी स्लिप और एडमिट कार्ड?
सूत्रों के मुताबिक, सिटी इंटिमेशन स्लिप परीक्षा से करीब 5 से 7 दिन पहले जारी की जाएगी. इसमें उम्मीदवारों को उनकी परीक्षा की तारीख, शहर और शिफ्ट की जानकारी मिलेगी, ताकि वे अपनी यात्रा की योजना बना सकें.
वहीं, एडमिट कार्ड परीक्षा से ठीक 3 दिन पहले डाउनलोड के लिए उपलब्ध कराया जाएगा. इसमें उम्मीदवार का नाम, परीक्षा केंद्र का पता, फोटो और जरूरी दिशा-निर्देश होंगे.
कहां से डाउनलोड करें एडमिट कार्ड?
उम्मीदवार अपने क्षेत्रीय RRB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर एडमिट कार्ड और सिटी स्लिप डाउनलोड कर सकेंगे. इसके लिए उन्हें अपनी रजिस्ट्रेशन आईडी और पासवर्ड का इस्तेमाल करना होगा.
परीक्षा पैटर्न और चयन प्रक्रिया
ग्रुप D भर्ती में चयन की प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी-
- कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT)
- शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET)
- दस्तावेज सत्यापन (DV)
CBT परीक्षा की अवधि 90 मिनट होगी, जबकि दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए यह 120 मिनट की होगी. जो उम्मीदवार CBT पास करेंगे, उन्हें PET के लिए बुलाया जाएगा. यह परीक्षा केवल योग्यता आधारित (Qualifying) होगी, यानी इसके अंक अंतिम मेरिट में शामिल नहीं होंगे, लेकिन इसे पास करना जरूरी रहेगा. PET में सफल उम्मीदवारों को दस्तावेज़ सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा.
इसी के साथ रेलवे ने साफ किया है कि अंतिम मेरिट सूची केवल CBT के अंकों के आधार पर बनेगी. PET और DV सिर्फ योग्यता और दस्तावेज़ जांच के लिए होंगे.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
