Bharat Express DD Free Dish

SSC CGL 2026 टियर 1 परीक्षा की तारीखों का ऐलान, जानें किस दिन होगा एग्जाम और जरूरी नियम

कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने CGL 2026 परीक्षा का आधिकारिक शेड्यूल जारी कर दिया है. टियर 1 की परीक्षाएं 30 सितंबर से 30 अक्टूबर 2026 के बीच ऑनलाइन मोड में आयोजित की जाएंगी, जिसमें कुल 100 सवाल पूछे जाएंगे.

SSC CGL 2026 Tier 1 Exam Date

SSC CGL 2026 टियर 1 परीक्षा की तारीख

SSC CGL Tier 1: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की तरफ से एक बहुत बड़ी और काम की खबर आई है. आयोग ने बहुप्रतीक्षित एसएससी सीजीएल (SSC CGL) 2026 परीक्षा का आधिकारिक शेड्यूल जारी कर दिया है, जिसके बाद से उम्मीदवारों ने अपनी तैयारी को और तेज कर दिया है.

टियर 1 परीक्षा की तारीखें

जारी किए गए शेड्यूल के मुताबिक, एसएससी सीजीएल टियर 1 परीक्षा का आयोजन इस साल 30 सितंबर से लेकर 30 अक्टूबर 2026 के बीच किया जाएगा. यह पूरी परीक्षा कंप्यूटर आधारित (CBT) होगी, यानी आपको ऑनलाइन मोड में सवालों के जवाब देने होंगे. परीक्षा में कुल 100 बहुविकल्पीय सवाल पूछे जाएंगे और पूरा पेपर 200 अंकों का होगा. इस परीक्षा को हल करने के लिए उम्मीदवारों को केवल 60 मिनट (1 घंटा) का समय मिलेगा, इसलिए कम वक्त में ज्यादा से ज्यादा सही सवाल हल करना ही आपकी सफलता की कुंजी होगी.

क्या है परीक्षा का पूरा पैटर्न?

इस परीक्षा के पेपर को चार अलग-अलग हिस्सों या विषयों में बांटा गया है, जिनमें से हर सेक्शन से 25-25 सवाल पूछे जाएंगे और हर विषय के लिए 50 अंक निर्धारित हैं:

जनरल इंटेलिजेंस एंड रीजनिंग: इसमें आपकी तार्किक और सोचने-समझने की क्षमता को परखा जाता है.

क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड (गणित): इसमें प्रतिशत, औसत, अनुपात, लाभ-हानि और समय-दूरी जैसे महत्वपूर्ण टॉपिक्स से जुड़े सवाल होते हैं.

जनरल अवेयरनेस: इसमें देश-दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के साथ-साथ इतिहास, भूगोल, सामान्य विज्ञान और संस्कृति से जुड़े सवाल पूछे जाते हैं.

इंग्लिश कॉम्प्रिहेंशन: इसमें अंग्रेजी भाषा की बुनियादी समझ और व्याकरण से जुड़े प्रश्न होते हैं.

खास बात यह है कि अंग्रेजी के सेक्शन को छोड़कर बाकी सभी सवाल हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध होंगे.

ये भी पढ़ें- दिल्ली में सत्य निकेतन हादसे के बाद बड़ा फैसला, खाली सरकारी भवन बनेंगे छात्रों के लिए सुरक्षित हॉस्टल!

इन बातों का रखें खास ख्याल

चूंकि परीक्षा ऑनलाइन है और समय बहुत कम (मात्र 60 मिनट) है, इसलिए टाइम मैनेजमेंट का खास ध्यान रखना होगा. इसके अलावा, नेगेटिव मार्किंग का भी प्रावधान है. हर गलत जवाब देने पर आपके 0.50 अंक काट लिए जाएंगे. इसलिए बिना सोचे-समझे तुक्का लगाने से बचें. परीक्षा एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस दौरान ज्यादा से ज्यादा मॉक टेस्ट और प्रैक्टिस सेट हल करना बेहद फायदेमंद साबित होगा. परीक्षा से जुड़े किसी भी नए अपडेट या एडमिट कार्ड की जानकारी के लिए उम्मीदवारों को एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखनी चाहिए.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read