UP Police SI Vacancy 2026
UP Police SI Vacancy 2026: उत्तर प्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर (SI) बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. लंबे समय से यूपी पुलिस की नई दरोगा भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के बीच सोशल मीडिया पर 3212 पदों पर भर्ती का एक नोटिस तेजी से वायरल हो रहा है. इस नोटिस में दावा किया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश पुलिस में साल 2026-27 के दौरान सब इंस्पेक्टर के 3212 पदों पर भर्ती की जाएगी. नोटिस में पुरुष और महिला उम्मीदवारों के पदों के साथ कैटेगरी वाइज वैकेंसी का भी जिक्र किया गया है. हालांकि, इस वायरल नोटिस की सच्चाई कुछ और ही है. उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने इस नोटिस को पूरी तरह फर्जी बताया है.
3212 पदों पर भर्ती का वायरल नोटिस निकला फर्जी
दरअसल, सोशल मीडिया पर पिछले कुछ दिनों से यूपी पुलिस एसआई भर्ती से जुड़ा एक पत्र शेयर किया जा रहा है. इसमें दावा किया गया है कि सब इंस्पेक्टर नागरिक पुलिस के 3212 पदों पर अधियाचन प्राप्त हो चुका है. इस खबर को देखकर नई भर्ती का इंतजार कर रहे कई अभ्यर्थी उत्साहित हो गए थे. लेकिन उम्मीदवारों को इस वायरल नोटिस पर भरोसा करने से पहले इसकी सच्चाई जान लेनी चाहिए. यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल के माध्यम से इस मामले में स्पष्टीकरण जारी किया है. बोर्ड ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा 3212 पदों पर अधियाचन प्राप्त होने संबंधी पत्र भ्रामक, कूटरचित और पूरी तरह असत्य है. बोर्ड ने इस फर्जी पत्र का खंडन करते हुए अभ्यर्थियों को ऐसी अफवाहों से दूर रहने की सलाह दी है.
कहां मिलेगी यूपी पुलिस भर्ती की सही जानकारी?
भर्ती बोर्ड ने अभ्यर्थियों को स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले किसी भी अनजान नोटिस या भर्ती संबंधी दावे पर आंख मूंदकर भरोसा न करें. यूपी पुलिस में नई भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन, आवेदन की तारीख, पात्रता और अन्य जरूरी जानकारियां केवल भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाती हैं. अभ्यर्थी नई भर्ती से जुड़ी जानकारी के लिए UPPRPB की आधिकारिक वेबसाइट **https://uppbpb.gov.in** पर विजिट कर सकते हैं. आवेदन प्रक्रिया, ऑनलाइन फॉर्म और फीस जमा करने का लिंक भी आधिकारिक नोटिफिकेशन के माध्यम से ही उपलब्ध कराया जाता है.
4543 पदों पर आई थी पिछली दरोगा भर्ती
बता दें कि उत्तर प्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर की पिछली बड़ी भर्ती 4543 पदों पर निकाली गई थी. इस भर्ती में शामिल हुए उम्मीदवारों के साथ नए अभ्यर्थियों को भी अगली भर्ती का बेसब्री से इंतजार है. ऐसे में 3212 पदों पर भर्ती का फर्जी नोटिस वायरल होने से उम्मीदवारों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो गई थी.
यूपी पुलिस दरोगा बनने के लिए क्या है योग्यता?
यूपी पुलिस में सब इंस्पेक्टर बनने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएट होना जरूरी है. सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित आयु सीमा 21 से 28 वर्ष बताई गई है. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलती है. शारीरिक योग्यता की बात करें तो पुरुष अभ्यर्थियों की न्यूनतम लंबाई 168 सेंटीमीटर होनी चाहिए. वहीं, सीने की माप बिना फुलाए 79 सेंटीमीटर और फुलाने के बाद 84 सेंटीमीटर निर्धारित है. महिला उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम लंबाई 152 सेंटीमीटर रखी गई है.
हालांकि, अगली भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी होने पर ही आयु सीमा, शारीरिक मानक और अन्य पात्रता शर्तों की पुष्टि करें. फिलहाल उम्मीदवार 3212 पदों वाले वायरल नोटिस को फर्जी समझें और किसी भी अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करें.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



