दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल.
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने चुनाव आयोग पहुंचकर अपना जवाब दाखिल कर दिया है. उनके साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी, राज्यसभा सांसद राघव चड्डा, पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया, और राज्यसभा सांसद संजय सिंह मौजूद थे.
साजिश के तहत भेजा गया था पानी- केजरीवाल
चुनाव आयोग में पहुंचने से पहले अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं दिल्ली के लोगों को बधाई देना चाहता हूं, आपकी सरकार का संघर्ष सफल हुआ और यह नतीजा आया. जहरीला पानी जो था, अब 2.1 अमोनिया पर आ गया है. हमारे संघर्ष की वजह से पानी का अमोनिया नीचे आया. उन्होंने कहा कि साजिश के तहत यह पानी भेजा गया था. नहीं तो बढ़ कैसे गया और अब कम कैसे हो गया.
उन्होंने कहा कि नोटिस का जवाब देने के लिए हम चुनाव आयोग जा रहे हैं. मैं देश के लोगों को बताना चाहता हूं कि क्या मुद्दा है. दिसंबर से सीएम ने देखा कि अमोनिया बढ़ने लगा था. दिसंबर और जनवरी तक हमने कोशिश की कि बातचीत से समाधान निकले. हम उस पर राजनीति नहीं चाहते. सीएम आतिशी ने नायब सैनी से बात की तो उन्होंने कहा कि मैं करूंगा, लेकिन नहीं किया. सीएम आतिशी के फोन उठाने बंद कर दिए. भगवंत मान ने भी फोन किया था लेकिन उन्होंने कुछ नहीं किया.
अरविंद केजरीवाल ने कहा, “हरियाणा के चीफ सेक्रेटरी ने कहा कि टॉप पॉलिटिकल की तरफ से निर्णय लिया जाएगा. सीएम दिल्ली, सीएम नायब सैनी से बात करे.”
चुनाव आयोग ने जारी किया था नोटिस
चुनाव आयोग ने 30 जनवरी को केजरीवाल को नोटिस जारी कर पांच सवालों के जवाब 31 जनवरी को सुबह 11 बजे तक देने को कहा था.
EC ने पांच सवाल पूछे थे-
हरियाणा सरकार ने यमुना नदी में किस प्रकार का जहर मिलाया?
इस जहर की मात्रा, प्रकृति और इसे पहचानने की विधि का क्या प्रमाण है, जिससे नरसंहार हो सकता था?
जहर कहां पर पाया गया था?
दिल्ली जल बोर्ड के किन इंजीनियरों ने इसे कहां और कैसे पहचाना?
इंजीनियरों ने जहरीले पानी को दिल्ली में प्रवेश करने से रोकने के लिए कौन सा तरीका अपनाया?
केजरीवाल ने दिया था बयान
दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर आप संयोजक अरविंद केजरीवाल 27 जनवरी को एक रैली के दौरान कहा था कि हरियाणा सरकार की तरफ से जो पानी भेजा जा रहा है,उसकी गुणवत्ता काफी खराब है. केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि लोगों को पानी से वंचित किया जा रहा है. इससे बड़ा पार और कुछ भी नहीं है. केजरीवाल ने कहा था कि बीजेपी अपनी गंदी राजनीति से दिल्ली की जनता को प्यासा रखना चाहती है. हरियाणा से जो पानी भेजा जा रहा है, उसमें जहर मिलाया जा रहा है.
उन्होंने इस दौरान यह भी कहा था कि पानी इतना ज्यादा जहरीला है कि दिल्ली में लगे वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से भी उपचारित नहीं किया जा सकता. बीजेपी दिल्ली की जनता की सामूहिक हत्या करना चाहती है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


