Bharat Express DD Free Dish

बंगाल में ‘खेला’ हो गया: रुझानों में BJP बहुमत के पार, जहां PM मोदी ने खाई झालमुड़ी वहां भी बीजेपी आगे

पश्चिम बंगाल चुनाव के शुरुआती रुझानों में बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिल रहा है. बीजेपी बहुमत के आंकड़े के पार बढ़त बनाए हुए है, जबकि टीएमसी दूसरे स्थान पर है. भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी पीछे चल रही हैं.

Bengal election result trends BJP lead

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के शुरुआती रुझानों में बीजेपी को बड़ी बढ़त मिलती दिख रही है. पार्टी ने बहुमत का आंकड़ा पार करते हुए लगभग 150 से ज्यादा सीटों पर बढ़त बना ली है. वहीं तृणमूल कांग्रेस करीब 100 से अधिक सीटों पर आगे चल रही है. कोलकाता और आसपास के इलाकों में, जो पहले टीएमसी के मजबूत गढ़ माने जाते थे, वहां भी बीजेपी बढ़त बनाए हुए है. कई जगहों पर टीएमसी के वरिष्ठ नेता और मंत्री पीछे चल रहे हैं.

झालमुड़ी ने दिलाई 34 सीटें

पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक चुनावी रैली के दौरान सड़क किनारे रुककर प्रसिद्ध स्थानीय स्ट्रीट फूड ‘झालमुड़ी’ (Jhalmuri) खाई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था. बता दें कि झाड़ग्राम सीट के मेदिनीपुर इलाके में भारतीय जनता पार्टी 34 सीटों पर आगे चल रही है, वहीं TMC 13 सीटों पर आगे चल रही है.

विशेष रूप से झाड़ग्राम सीट से बीजेपी उम्मीदवार लक्ष्मी कांता को 29,882 वोट मिले हैं, जबकि TMC उम्मीदवार मोंगल सारेन को 21,882 वोट मिले हैं. साथ ही कांग्रेस के उम्मीदवार प्रसेनजीत डे को 217 वोट मिले हैं.

कांग्रेस और लेफ्ट का क्या हाल?

लेफ्ट कुछ ही सीटों पर आगे है, जबकि कांग्रेस अभी तक किसी भी सीट पर बढ़त नहीं बना पाई है. कुल मिलाकर शुरुआती रुझानों में मुकाबला काफी दिलचस्प नजर आ रहा है, जिसमें बीजेपी आगे और टीएमसी दूसरे स्थान पर बनी हुई है.

ईवीएम खुलने के बाद जो शुरुआती रुझान सामने आए हैं, उनसे यह संकेत मिल रहा है कि पश्चिम बंगाल में लंबे समय से सत्ता में रही तृणमूल कांग्रेस की स्थिति कमजोर हो सकती है और बीजेपी सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ती दिख रही है. इस चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी बंगाल में जोरदार प्रचार किया था.

असम और तमिलवाडु में क्या हुआ?

असम में भी बीजेपी मजबूत स्थिति में नजर आ रही है और तीसरी बार सरकार बनाने की ओर बढ़ रही है. वहां पार्टी करीब 74 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस लगभग 23 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. बदरुद्दीन अजमल की पार्टी इस बार बहुत कमजोर प्रदर्शन करती दिख रही है.

वहीं तमिलनाडु में मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है. डीएमके गठबंधन लगभग 60 से ज्यादा सीटों पर आगे है, लेकिन टीवीके भी 40 से अधिक सीटों पर बढ़त के साथ बड़ा उलटफेर करती दिख रही है.


ये भी पढ़ें: मतगणना के बीच दिल्ली BJP दफ्तर में जश्न की तैयारी, छन रहीं पूरियां और मिठाइयों की महक


केरल में UDF आगे और पुडुचेरी में NDA

केरल विधानसभा चुनाव के शुरुआती रुझानों में कांग्रेस नेतृत्व वाला यूडीएफ गठबंधन लगभग 50 से ज्यादा सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. इसके मुकाबले एलडीएफ करीब 30 से अधिक सीटों पर आगे चल रहा है. पुडुचेरी में बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए गठबंधन बढ़त में नजर आ रहा है. वहीं केरल में भी बीजेपी गठबंधन कुछ सीटों पर आगे दिख रहा है, हालांकि वहां उसका प्रभाव सीमित है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read