Bharat Express DD Free Dish

Bihar Election 2025: राजद की 143 उम्मीदवारों की सूची जारी, तेजस्वी राघोपुर और खेसारी लाल छपरा से प्रत्याशी

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने सोमवार को 143 सीटों के उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है. चुनाव में मुख्य मुकाबला महागठबंधन और NDA के बीच माना जा रहा है.

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन ने अब तक सीट बंटवारे की घोषणा नहीं की है. इसी बीच, सोमवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने 143 विधानसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी. राजद की सूची में कई ऐसी सीटें हैं, जहां कांग्रेस भी उम्मीदवार उतार चुकी है. इस सूची में तेजस्वी यादव को राघोपुर विधानसभा सीट से राजद का प्रत्याशी बनाया गया है. वहीं, बिहारीगंज से रेणु कुशवाहा, वारसलीगंज से अनिता देवी महतो, अलीनगर से विनोद मिश्रा और हाजीपुर से देव कुमार चौरसिया को प्रत्याशी बनाया गया है.

RJD ने पूरी सूची में दिखाई ताकत

सिवान से राजद ने अवध बिहारी चौधरी को चुनावी मैदान में उतारा है. भोजपुरी सिनेमा के चर्चित अभिनेता शत्रुघ्न कुमार उर्फ खेसारी लाल छपरा से चुनावी मैदान में होंगे. जबकि, गरखा से सुरेंद्र राम, महुआ से मुकेश रौशन, बाढ़ से कर्मवीर सिंह, मोकामा से वीणा देवी, मनेर से भाई वीरेंद्र, हिलसा से शक्ति सिंह तथा दानापुर से राजद ने एक बार फिर रीतलाल राय को उम्मीदवार बनाया है. इसी तरह राजद ने सुल्तानगंज से चंदन सिन्हा, रामगढ़ से अजित सिंह, कहलगांव से रजनीश भारती, रुपौली से बीमा भारती, शाहपुर से राहुल तिवारी और नरकटियागंज से दीपक यादव को चुनावी मैदान में उतारा है.

इसके अलावा, राजद ने मोहनिया से श्वेता सुमन, भभुआ से बीरेंद्र कुशवाहा, चैनपुर से बृजकिशोर बिंद, सासाराम से सतेंद्र शाह, गोह से अमरेंद्र कुशवाहा, ओबरा से ऋषि कुमार और नबीनगर से अमोद चंद्रवंशी को प्रत्याशी बनाया है. जमुई से शमशाद आलम, बेलागंज से विश्वनाथ कुमार सिंह और टेकारी से अजय दांगी चुनावी मैदान में होंगे.

बिहार विधानसभा चुनाव का पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा. वहीं, मतगणना 14 नवंबर को होगी. इस चुनाव में मुख्य मुकाबला एनडीए और महागठबंधन के बीच माना जा रहा है.

ये भी पढ़ें- महागठबंधन में बगावत! लालगंज, तारापुर, कहलगांव… इन 10 सीटों पर महागठबंधन की पार्टियां ही आपस में लड़ेंगी चुनाव

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read