Bharat Express DD Free Dish

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव पर टिकी दुनिया की नजर, 7 देशों के 16 प्रतिनिधि पहुंचे पटना

Bihar Election 2025: चुनाव से पहले भारतीय चुनाव आयोग (ECI) के अंतर्राष्ट्रीय चुनाव आगंतुक कार्यक्रम (IEVP) के तहत सात देशों के 16 प्रतिनिधियों ने पटना पहुंचकर बिहार चुनाव के पहले चरण के लिए व्यवस्था देखी.

Bihar Election 2025

Bihar Election 2025: बिहार में गुरुवार को विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग चल रही है. चुनाव से पहले भारतीय चुनाव आयोग (ECI) के अंतर्राष्ट्रीय चुनाव आगंतुक कार्यक्रम (IEVP) के तहत सात देशों के 16 प्रतिनिधियों ने पटना पहुंचकर बिहार चुनाव के पहले चरण के लिए व्यवस्था देखी.

वोटिंग के लिए आयोग की व्यवस्था देखने के लिए इंडोनेशिया, कोलंबिया, फिलीपींस, फ्रांस, बेल्जियम, दक्षिण अफ्रीका और थाईलैंड के प्रतिनिधि आए. आईईवीपी 2025 का उद्घाटन सत्र मंगलवार को नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट(आईआईआईडीईएम) में आयोजित किया गया था. इस सत्र में सात देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले सभी 16 प्रतिनिधियों ने भाग लिया.

चुनाव आयुक्त ने EVM और चुनावी ढांचे के बारे में दी जानकारी

इन सात देशों के 16 प्रतिभागियों से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्त विवेक जोशी ने बातचीत की. बातचीत के दौरान उन्हें भारत के मजबूत चुनावी ढांचे की जानकारी दी. इसके साथ ही इन प्रतिनिधियों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) का प्रदर्शन दिखाया गया. वरिष्ठ चुनाव आयोग अधिकारियों ने उन्हें चुनाव प्रबंधन के प्रमुख पहलुओं जैसे मतदाता सूची तैयार करने और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराने के बारे में जानकारी दी.

इस कार्यक्रम के तहत 7 देशों के 16 प्रतिनिधि बिहार पहुंचे हैं. इस दौरे की शुरुआत बुधवार को हुई थी. बिहार दौरे पर इन प्रतिनिधियों ने ईवीएम की पहली जांच केंद्रों का अवलोकन किया और मतदान प्रक्रिया को किस तरह सुचारू रूप से संचालित किया जाएगा, इस प्रक्रिया को देखा.

आईईवीपी दुनियाभर के चुनाव प्रबंधन निकायों (ईएमबी) के साथ अंतर्राष्ट्रीय सहयोग और सहभागिता के लिए चुनाव आयोग की प्रमुख पहलों में से एक है. बता दें कि 2014 से IEVP भारत की चुनाव प्रणाली की खूबियों को अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के समक्ष प्रदर्शित कर रहा है और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में मतदान के लिए अपनाई गई सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा कर रहा है.

पहले चरण के लिए सुबह 7 बजे से जारी है मतदान

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए राज्य के 18 जिलों के 121 सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया. इस चुनाव में 1,192 पुरुष और 122 महिला उम्मीदवारों सहित 1,314 उम्मीदवार मैदान में हैं.

चुनाव आयोग के अनुसार, इस चुनाव में कुल 3,75,13,302 मतदाता हैं, जिनमें 1,98,35,325 पुरुष, 1,76,77,219 महिलाएं और थर्ड जेंडर के 758 मतदाता शामिल हैं. कुल मतदान केंद्रों की संख्या 45,341 है, जिनमें ग्रामीण क्षेत्रों में 36,733 और शहरी क्षेत्रों में 8,608 मतदान केंद्र शामिल हैं.

चुनाव आयोग ने इन जिलों में 320 आदर्श मतदान केंद्र घोषित किए हैं, जिनमें से 926 का प्रबंधन महिलाएं और 107 का प्रबंधन दिव्यांगजन कर रहे हैं. सभी मतदान केंद्रों पर निगरानी के लिए वोटिंग की सुविधा का प्रसारण प्रोजेक्टर पर उपलब्ध होगा.

राजधानी पटना में 5,677 मतदान केंद्र हैं, जिनमें 541 केवल महिलाओं के लिए, 49 आदर्श मतदान केंद्र,  दिव्यांगजनों के लिए बेहतर सुविधायुक्त 14 मतदान केंद्र और तीन युवा-केंद्रित मतदान केंद्र शामिल हैं.


ये भी पढ़ें: Bihar Election Voting Live Updates: बिहार की 121 विधानसभा सीटों पर आज डाले जा रहे वोट, देखें कहां कैसे हो रही वोटिंग


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read