Bihar Election 2025: बिहार भाजपा के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने रविवार को महागठबंधन में अब तक सीट बंटवारे नहीं होने को लेकर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि महागठबंधन में सिर फुटव्वल चल रहा है. दिलीप जायसवाल ने कहा कि एक ओर एनडीए के ‘पांचों पांडव’ एकजुट होकर सौहार्दपूर्ण तरीके से सीट बंटवारा कर चुनावी मैदान में उतर चुके हैं, वहीं कौरव की सेना महागठबंधन में सिरफुटव्वल कर रही है. उन्होंने कहा कि बिहार की जनता समझ रही है कि जब सीट बंटवारे में यह स्थिति आ रही है तो ये सरकार क्या चलाएंगे.
NDA की नीतियों पर जताया भरोसा
बिहार की जनता और मतदाता ने बिहार में फिर से एनडीए की सरकार बनाने का मन बना लिया है. उन्होंने एक प्रेस वार्ता में कहा कि यहां की जनता महागठबंधन के संस्कार और स्वभाव भी देख रही है. उन्होंने कहा कि महागठबंधन में टिकट को लेकर जिस तरह पैसों का खेल हो रहा है, उसे भी बिहार की जनता देख रही है. उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार विकास पर, गरीबों के कल्याण और महिला सशक्तीकरण पर विश्वास करती है. युवाओं के रोजगार और नौकरी की चिंता करती है. किसानों का कल्याण जिस तरह एनडीए सरकार कर रही है, वह अभूतपूर्व है.
पीएम मोदी की गारंटी पर बिहार की जनता को विश्वास है. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 24 अक्टूबर से बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी प्रचार अभियान का आगाज कर्पूरी गांव से करेंगे, जहां वे जननायक भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर को श्रद्धांजलि देकर समस्तीपुर में पहली चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे.
मोदी की रैलियों से बढ़ेगा माहौल
उन्होंने कहा कि इसके बाद वे उसी दिन बेगूसराय में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे. इसके बाद पीएम मोदी 30 अक्टूबर को बिहार के दौरे पर आएंगे और मुजफ्फरपुर एवं छपरा में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे. इसके बाद उनका लगातार बिहार दौरा होगा. बिहार विधानसभा चुनाव का पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा. मतगणना 14 नवंबर को होगी.
ये भी पढ़ें- महागठबंधन में बगावत! लालगंज, तारापुर, कहलगांव… इन 10 सीटों पर महागठबंधन की पार्टियां ही आपस में लड़ेंगी चुनाव
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
