Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के लिए राजद नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने बुधवार (15 अक्टूबर) को राघोपुर विधानसभा सीट से नामांकन पत्र दाखिल किया. तेजस्वी यादव इस सीट से हैट्रिक बनाने की कोशिश में हैं. उन्होंने कहा कि वह न केवल सरकार बनाना चाहते हैं, बल्कि बिहार को समृद्ध भी बनाना चाहते हैं.
तेजस्वी यादव ने कहा, “राघोपुर की जनता ने मुझ पर दो बार भरोसा जताया है. यह तीसरी बार है जब मैंने राघोपुर से नामांकन दाखिल किया है. हमारा संकल्प है कि बिहार के हर परिवार को एक सरकारी नौकरी मिले. हमें बिहार से बेरोजगारी मिटानी है. हमें बिहार को आगे ले जाना है. हम न केवल अपनी सरकार बनाना चाहते हैं, बल्कि बिहार को समृद्ध भी बनाना चाहते हैं. कुछ लोग दावा कर रहे थे कि मैं दो सीटों पर चुनाव लड़ूँगा. तेजस्वी यादव सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं. मैं राघोपुर से चुनाव लड़ता रहा हूँ और आगे भी लड़ता रहूंगा.”
नामांकन दाखिल करने से पहले तेजस्वी ने किया रोड शो
गौरतलब है कि नामांकन दाखिल करने से पहले तेजस्वी ने एक रोड शो किया और जिस कार में यादव अपने माता-पिता और बहनों के साथ यात्रा कर रहे थे, वह फूलों से ढकी हुई थी, और रास्ते में समर्थक शुभकामनाओं के रूप में उन पर फूलों की वर्षा करते रहे. सुरक्षाकर्मियों को कलेक्ट्रेट में भीड़ को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, जब यादव कार से उतरकर नामांकन पत्र दाखिल करने वाले कार्यालय की ओर कुछ कदम चले.
लालू यादव और राबड़ी देवी की सीट रही है राघोपुर
बता दें कि राघोपुर सीट से पहले उनके माता-पिता भी चुने गए थे. लालू और राबड़ी दोनों बिहार के मुख्यमंत्री रह चुके हैं. 35 वर्षीय तेजस्वी यादव ने वैशाली ज़िले के मुख्यालय हाजीपुर स्थित कलेक्ट्रेट में अपने पिता और राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद और मां राबड़ी देवी की उपस्थिति में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया.
पूर्व उप-मुख्यमंत्री के साथ पाटलिपुत्र से सांसद और सबसे बड़ी बहन मीसा भारती और राज्यसभा सदस्य संजय यादव जैसे कई करीबी सहयोगी और परिवार के सदस्य भी मौजूद थे. 20 साल बाद पार्टी की सत्ता में वापसी की उम्मीद लगाए बड़ी संख्या में समर्थक सड़क के दोनों ओर खड़े थे, क्योंकि राजद नेताओं को पटना स्थित पार्टी सुप्रीमो के घर से हाजीपुर अनुमंडल कार्यालय तक 40 किलोमीटर की यात्रा पूरी करने में कुछ घंटे लग गए.
ये भी पढ़ें: Bihar Assembly Elections 2025: खेसारीलाल यादव ने कि तेजस्वी की तारीफ, पवन सिंह को दी सलाह
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

