Bharat Express DD Free Dish

समस्तीपुर में चुनावी हंगामा, सीसीटीवी बंद और वीवीपैट पर्चियां मिलने से मचा बवाल

समस्तीपुर जिले में ईवीएम केंद्र का सीसीटीवी कैमरा बंद होने और सड़क किनारे वीवीपैट पर्चियां मिलने से चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठे. निर्वाचन आयोग ने जांच शुरू की और सहायक रिटर्निंग अधिकारी को निलंबित कर दिया.

Bihar Election 2025: विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बाद समस्तीपुर जिले में दो घटनाओं ने माहौल गरमा दिया है. पहली घटना ईवीएम केंद्र पर सीसीटीवी कैमरा बंद होने की है जबकि दूसरी सड़क किनारे बड़ी संख्या में वीवीपैट पर्चियां मिलने की.

सदर एसडीओ की सफाई

सदर एसडीओ दिलीप कुमार ने सफाई देते हुए कहा कि सीसीटीवी कैमरा थोड़ी देर के लिए बंद हुआ था और फिर चालू कर दिया गया लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि कैमरा करीब आधे घंटे तक बंद रहा. इसी मुद्दे पर आरजेडी नेता राकेश ठाकुर ने वीडियो जारी कर निर्वाचन आयोग से निष्पक्ष जांच की मांग की.

वीवीपैट मशीन की पर्चियां मिलने से हड़कंप

दूसरी तरफ सरायरंजन विधानसभा क्षेत्र में एक कॉलेज के पास सड़क किनारे वीवीपैट मशीन की पर्चियां मिलने से हड़कंप मच गया. सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल होते ही निर्वाचन आयोग हरकत में आया. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय ने बयान जारी कर कहा कि ये पर्चियां मॉक पोल यानी प्रायोगिक मतदान की हैं, इसलिए असली मतदान प्रक्रिया पर कोई असर नहीं पड़ा है.

सहायक रिटर्निंग अधिकारी निलंबित

फिर भी लापरवाही को गंभीर मानते हुए एक सहायक रिटर्निंग अधिकारी को निलंबित कर दिया गया और उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई. जिलाधिकारी ने सभी प्रत्याशियों को इस घटना की जानकारी दी और जांच शुरू कर दी गई है.

गहराई से जांच करने की मांग

घटना की खबर मिलते ही लोग मौके पर पहुंच गए और जमकर हंगामा किया. कई लोगों ने चुनाव आयोग से मांग की कि इस मामले की गहराई से जांच हो और चुनाव रद्द किया जाए. भीड़ को शांत कराने के लिए समस्तीपुर के डीएम रोशन कुशवाहा और एसपी अरविंद प्रताप सिंह खुद मौके पर पहुंचे. इसके बावजूद कुछ लोग थाने तक पहुंचकर विरोध जताने लगे.

ये भी पढ़ें-मोदीमय हुए तेज प्रताप! हर हर महादेव के नारे के बीच पटना एयरपोर्ट पर फिर रवि किशन से की मुलाकात, BJP में शामिल होने की अटकलें तेज

मामले में कार्रवाई की मांग

आरजेडी प्रत्याशी अरविंद सहनी और निर्दलीय प्रत्याशी कुणाल कुमार ने भी इस मामले में कार्रवाई की मांग की है. कुल मिलाकर, सीसीटीवी बंद होने और वीवीपैट पर्चियां मिलने की घटनाओं ने समस्तीपुर में चुनावी प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं और अब सबकी नजर निर्वाचन आयोग की जांच पर है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read