Mamata Banerjee resignation news: असम विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने प्रचंड जीत के साथ राज्य में लगातार तीसरी जीत भी दर्ज की है. मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने पश्चिम बंगाल की राजनीति को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने राज्य में TMC और ममता बनर्जी के इस्तीफे वाले ड्रामा पर चुटकी लेते हुए कहा कि, “ममता बनर्जी जाएं या न जाएं, गाड़ी कभी नहीं रुकेगी.”
सही है, राजभवन की चाय और सोंदेश बचेगा- हिमंता
असम चुनाव में बीजेपी-एनडीए ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की है. मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा (Himanta Biswa Sarma) ने चुनाव के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि राज्य में अवैध घुसपैठ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और सुरक्षा सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता रहेगी. उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने इस्तीफा देने से इनकार किया है. इस पर सरमा ने तंज कसते हुए कहा कि चाहे वह राजभवन जाएं या नहीं, इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा, शपथ ग्रहण तय समय पर होगा.
हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा, ‘अच्छा है. वह राजभवन जातीं तो उन्हें एक कप चाय और संदेश खिलाया जाता. अब राजभवन का चाय और संदेश बच जाएगा और उनको बर्खास्त किया जाएगा. ममता बनर्जी जाएं या न जाएं, गाड़ी रुकेगी क्या. 9 मई को शपथ ग्रहण होने जा रहा है.’
चुनाव आयोग पर गड़बड़ी के आरोप
इससे पहले ममता बनर्जी ने बुधवार को कालीघाट स्थित अपने घर पर तृणमूल कांग्रेस के नए विधायकों के साथ बैठक की. इस दौरान उन्होंने कहा कि वे राज्य के चुनाव नतीजों को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देंगी. साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी और भारत निर्वाचन आयोग पर चुनाव में गड़बड़ी के आरोप भी लगाए.
चुनाव नतीजों को SC में चुनौती देंगी TMC?
ममता बनर्जी ने कहा है कि वह पश्चिम बंगाल के चुनाव नतीजों को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दे सकती हैं. उन्होंने बताया कि वह और पूर्व मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य अब चुनाव से जुड़े मामलों पर फिर से कानूनी लड़ाई लड़ेंगी. उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में झटका लगने के बावजूद उनका ध्यान दिल्ली में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया ब्लॉक’ को मजबूत करने पर रहेगा.
ये भी पढ़ें: Suvendu Adhikari: ‘जायंट किलर’ से ‘चीफ मिनिस्टर’ तक का सफर; जानें क्यों हैं वो दिल्ली की पहली पसंद?
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने साफ किया कि वह इस्तीफा नहीं देंगी. उनका कहना है कि यह उनका विरोध जताने का तरीका है, क्योंकि उनके मुताबिक टीएमसी से जनादेश छीना गया है. उन्होंने केंद्र सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि अगर राष्ट्रपति शासन लगाना है तो उसे आधिकारिक तौर पर दर्ज किया जाए. बंगाल चुनाव में बीजेपी को 207 सीटें मिलीं, जबकि TMC को 80 सीटें मिली.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
