PM Modi In West Bengal: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के बिगुल फूंके जाने के बाद पीएम मोदी आज यानी रविवार, 5 अप्रैल को कूचबिहार के ऐतिहासिक रास मेला मैदान से अपने चुनावी अभियान का शंखनाद करेंगे. उत्तर बंगाल के इस महत्वपूर्ण क्षेत्र में पीएम की ‘विजय संकल्प सभा’ को भाजपा के लिए राज्यव्यापी शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है.
पश्चिम बंगाल में दो चरणों (23 और 29 अप्रैल) में होने वाले विधानसभा चुनावों (West Bengal Election Breaking)के ऐलान के बाद पीएम मोदी की यह पहली जनसभा है. रविवार शाम 4:15 बजे होने वाली यह रैली न केवल उत्तर बंगाल, बल्कि पूरे राज्य के चुनावी माहौल को बदलने के लिए भाजपा का सबसे बड़ा दांव मानी जा रही है.
भाजपा का गढ़ और रणनीतिक अहमियत (West Bengal Election Update)
कूचबिहार जिला भाजपा के लिए साख का विषय बना हुआ है. यहां के आंकड़े पार्टी की मजबूती और चुनौतियों दोनों को दर्शाते हैं. प्रधानमंत्री की इस रैली का मुख्य उद्देश्य लोकसभा चुनाव में खोई हुई जमीन को वापस पाना और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा फूंकना है.
2021 का प्रदर्शन: पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने यहाँ की 9 में से 8 सीटों पर जीत दर्ज कर क्लीन स्वीप जैसी स्थिति पैदा की थी.
2024 का झटका: हालांकि, हालिया लोकसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने यहाँ वापसी की और पूर्व केंद्रीय मंत्री निशीथ प्रमाणिक को करीब 40 हजार वोटों से शिकस्त का सामना करना पड़ा.
रास मेला मैदान से पीएम मोदी का नाता
यह चौथा मौका है जब पीएम मोदी कूचबिहार के रास मेला मैदान को संबोधित करेंगे. इससे पहले वे 2019 लोकसभा चुनाव और 2021 विधानसभा चुनाव के साथ ही 2024 लोकसभा चुनाव के दौरान यहां रैलियां कर चुके हैं. भाजपा नेताओं का मानना है कि इस मैदान से पीएम की दहाड़ पूरे उत्तर बंगाल की 54 सीटों पर सीधा असर डालेगी.
ये भी पढ़ें: ‘घायल हूं इसलिए घातक हूं…’, राघव चड्ढा ने धुरंधर स्टाइल में डायलॉग देकर किसकी नींद उड़ाई?
विकास और कनेक्टिविटी का कार्ड (West Bengal Election News)
अपनी पिछली 14 मार्च की कोलकाता यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने करीब 18,680 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी थी. इसमें 420 किलोमीटर से अधिक राष्ट्रीय राजमार्गों का विकास शामिल था. आज की रैली में पीएम इन विकास कार्यों को ‘परिवर्तन’ के आधार के रूप में पेश कर सकते हैं.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

