पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के मतदान (23 अप्रैल) से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपने चुनावी अभियान में पूरी ताकत झोंक दी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार, 19 अप्रैल को बंगाल के दौरे पर रहेंगे, जहाँ वे एक ही दिन में चार विशाल ‘विजय संकल्प सभाओं’ को संबोधित करेंगे. पीएम मोदी का यह दौरा मुख्य रूप से ‘जंगलमहल’ क्षेत्र पर केंद्रित है, जो राजनीतिक रूप से बेहद निर्णायक माना जाता है.
पीएम मोदी का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
- सुबह 11:00 बजे: बांकुड़ा जिले के बिष्णुपुर में पहली रैली
- दोपहर 12:45 बजे: पुरुलिया के रायबाघिनी मैदान में विशाल जनसभा
- दोपहर 2:45 बजे: झारग्राम में तीसरी चुनावी सभा
- शाम 04:30 बजे: मेदिनीपुर में आखिरी सभा के साथ दौरे का समापन
जंगलमहल क्यों है खास?
बीजेपी की नजर पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी जिलों पर टिकी है. ये वे क्षेत्र हैं जहां पिछले लोकसभा और विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन किया था. जंगलमहल की आदिवासी बहुल सीटों पर अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए पीएम मोदी खुद कमान संभाल रहे हैं. पुरुलिया की रैली के लिए खास तैयारियां की गई हैं, जहां मुख्य मंच के साथ करीब 100 मीटर लंबे तीन बड़े शेड बनाए गए हैं ताकि लाखों की भीड़ को समाहित किया जा सके.
सुरक्षा और भव्य तैयारियां
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. पुरुलिया में रैली स्थल से महज 1 किलोमीटर दूर विशेष हेलीपैड बनाया गया है. इस रैली में पुरुलिया जिले के सभी 9 विधानसभा क्षेत्रों के बीजेपी प्रत्याशी, सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो और पार्टी के कई दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे.
ये भी पढ़ें: ‘देश की महिलाओं के साथ धोखा’, गृह मंत्री अमित शाह का विपक्ष पर प्रहार, 2029 में सबक सिखाने की दी चेतावनी
वोटिंग और नतीजे
बता दें कि पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव दो चरणों में—23 और 29 अप्रैल को निर्धारित हैं. पहले चरण की वोटिंग से ठीक पहले पीएम मोदी का यह तूफानी दौरा जंगलमहल के मतदाताओं के बीच क्या संदेश लेकर आता है, यह देखना दिलचस्प होगा. मतों की गिनती 4 मई को होगी.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


