Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

एक क्लिक में पढ़िए आज की 10 बड़ी चुनावी खबरें

Lok Sabha Election News: लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है. अब हर जगह चुनावों की बात हो रही है. आइए ऐसे में जानते हैं सियासत से जुड़ी 4 अप्रैल की बड़ी खबरें, जिन पर दिन में पूरे देश की नजर रही.

Election bulletin

दिनभर की चुनावी सुर्खियां

Election 2024: लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है. चाय की टपरी हो या फिर पान की दुकान, हर जगह चुनाव के चर्चे हो रहे हैं. लोगों की बातें सुन सुनकर ऐसा लगता है कि नेताओं से ज्यादा चुनाव की बातें तो जनता कर रही है. कौन जीतेगा, कौन हारेगा? किसने बदला पाला, किस पार्टी ने किया कौन-सा चुनावी वादा. नेताओं की ओर से एक-दूसरे पर लगाए जा रहे आरोप-प्रत्यारोप के बीच आइए यहां जानते हैं चुनाव से जुड़ी 4 अप्रैल की 10 बड़ी खबरें-

अमेठी से चुनाव लड़ेंगे वाड्रा!

उत्तर प्रदेश की अमेठी लोकसभा सीट कभी कांग्रेस का गढ़ माना जाता था. इस सीट पर हमेशा से कांग्रेस का कब्जा रहा, लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने कांग्रेस करारी शिकस्त देकर इस सीट पर कब्जा कर लिया था. 2024 के लोकसभा चुनाव में इस सीट से राहुल गांधी चुनाव नहीं लड़ेंगे. उन्होंने केरल के वायनाड सीट से नामांकन दाखिल किया है. इसी बीच प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा ने अमेठी से चुनाव लड़ने को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा है कि मेरे लिए यह मांग आ रही है कि मैं अमेठी को या देश के किसी भी कोने का प्रतिनिधित्व करूं. उन्होंने ये भी कहा कि अगर मैं सांसद बनने का फैसला करता हूं तो अमेठी के लोग मुझसे अपने निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने की उम्मीद करते हैं.

सीएम विजयन का कांग्रेस पर हमला

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने 3 मार्च को केरल की वायनाड लोकसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल किया. नॉमिनेशन फाइल करने से पहले राहुल गांधी ने वायनाड में एक रोड-शो किया. जिसमें हजारों की संख्या में कार्यकर्ता नजर आए. अब इसी रोड-शो को लेकर केरल के सीएम पिनराई विजयन ने हमला बोला है. सीएम विजयन ने गुरुवार (4 मार्च) को कहा कि कांग्रेस बीजेपी से डरी हुई है. यही वजह है कि राहुल गांधी के रोड-शो में कांग्रेस पार्टी या फिर इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग का झंडा नहीं दिखा. कांग्रेस के इस रुख से साफ पता चलता है कि वह इंडियन मुस्लिम लीग के वोट तो चाहती है, लेकिन इनके झंडा अपनी रैलियों या फिर रोड-शो में दिखाने से डरती है.

अपनी ही पार्टी के खिलाफ प्रचार

लोकसभा चुनाव को लेकर उत्तर प्रदेश में अपने-अपने ढंग से राजनीतिक दल चुनाव प्रचार करने में जुटे हैं तो वहीं एक चौंका देने वाले चुनाव प्रचार की जानकारी सामने आ रही है. बताया जा रहा है कि मुरादाबाद लोक सभा सीट पर बसपा (बहुजन समाज पार्टी) प्रत्याशी मोहम्मद इऱफान सैफ़ी अपनी ही पार्टी प्रमुख के साथ गेम कर रहे हैं और घूमघूम कर मुस्लिम इलाकों में सपा सांसद डॉ एस टी हसन के लिए वोट मांग रहे हैं. जनता से यहां तक कह रहे हैं कि वह तो मेरे बड़े भाई हैं और फिर जमकर उनकी प्रशंसा कर रहे हैं.

टीएमसी पर पीएम का हमला

लोकसभा चुनाव को लेकर पूरे देश का सियासी पारा हाई हो चुका है. सभी पार्टियां सत्ता में वापसी को लेकर भरसक प्रयास कर रही हैं. इसी कड़ी में पीएम मोदी ने आज यानी कि 4 मार्च को पश्चिम बंगाल के कूच बिहार में चुनावी रैली को संबोधित किया. पीएम मोदी ने रोड-शो के बाद चुनावी रैली को संबोधित किया. जिसमें उन्होंने विपक्ष और टीएमसी पर करारा हमला बोला. पीएम मोदी ने कहा कि “टीएमसी, लेफ्ट और कांग्रेस का इंडी गठबंधन सिर्फ झूठ और अफवाह की राजनीति में जुटा है.

शेयर कंपनियों में निवेश

कांग्रेस नेता व सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को केरल के वायनाड लोकसभा सीट से नामांकन दाखिल कर दिया. वह 2019 का लोकसभा चुनाव इसी सीट से जीतकर सांसद बने थे. तो वहीं पर्चा दाखिल करते वक्त उन्होंने चुनाव आयोग को दिए हलफनामे में अपनी कमाई का जरिया सहित तमाम सम्पत्ति का जो खुलासा किया है, उसकी चर्चा राजनीतिक गलियारों में तेजी से हो रही है. हलफनामे के मुताबिक राहुल गांधी ने शेयर मार्केट में 4.3 करोड़ रुपए का निवेश किया है. अपने शपथ पत्र में राहुल गांधी ने बताया है कि इस समय उनके पास 55 हजार रुपये नकद हैं तो वहीं उनके बैंक खातों में 26.25 लाख रुपये जमा हैं.

राम के लिए प्रचार करेंगे रामायण के किरदार

धारावाहिक रामायण में राम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल ने उत्तर प्रदेश की मेरठ लोकसभा सीट से बीते 2 अप्रैल को भाजपा उम्मीदवार के तौर पर अपना नामांकन दाखिल कर दिया है. नामांकन दाखिल करने के बाद उन्होंने इस सीट के लिए प्रचार भी शुरू कर दिया है. खबर है कि रामायण में सीता और लक्ष्मण की भूमिका निभाने वाली अभिनेत्री दीपिका चिखलिया और सुनील लहरी अरुण गोविल के लिए प्रचार करेंगे. दीपिका चिखलिया और सुनील लहरी ने भी इसकी पुष्टि की है कि वे अरुण गोविल के लिए चुनाव प्रचार करेंगे. हालांकि तारीख और समय के बारे में अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं है, लेकिन मीडिया में आईं खबरों के अनुसार, संभावना है कि 20 से 25 अप्रैल के बीच रामायण सीरियल की स्टारकास्ट मेरठ शहर में मौजूद रहेगी.

बीजेपी में शामिल हुए गौरव वल्लभ

कांग्रेस से राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे गौरव वल्लभ ने सुबह ही कांग्रेस से इस्तीफा दिया और कुछ घंटे बाद ही वह भाजपा में शामिल हो गए. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा था कि- मैं सनातन धर्म को गाली नहीं दे सकता. बताया जा रहा है कि उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को जो इस्तीफा भेजा था उसमें “धर्म एव हतो हन्ति धर्मो रक्षति रक्षितः तस्माधर्मो न हन्तव्यो मा नो धर्मो हतोऽवधीत्…” महाभारत का ये श्लोक भी लिखा था. उन्होंने भाजपा महासचिव विनोद तावड़े की मौजूदगी में बीजेपी जॉइन कर ली है.

जमुई से चुनावी शंखनाद

पीएम मोदी ने बिहार के जमुई में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान मंच पर उनके साथ बिहार के सीएम नीतीश कुमार, चिराग पासवान, विजय सिन्हा और सम्राट चौधरी भी मौजूद थे. इस दौरान पीएम ने कहा कि ये चुनावी सभा है या विजय सभा. उन्होंने चिराग पासवान के बहनोई और जमुई प्रत्याशी को अपना भाई बताया. पीएम ने आगे कहा कि पहले आतंकी हमारे ऊपर हमला करके चले जाते थे. उसके बाद कांग्रेस दूसरे देशों के पास शिकायत लेकर जाती थी. हमने कहा ऐसे नहीं चलेगा. आज का भारत घर में घुसकर मारता है.

यह भी पढ़ें- …तो क्या अमेठी से चुनाव लड़ेंगे रॉबर्ट वाड्रा? स्मृति ईरानी के खिलाफ उतरने को लेकर कही ये बातें

“कांग्रेस को पीएम से सीखना चाहिए”

मथुरा से भाजपा प्रत्याशी हेमा मालिनी ने कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला के बयान पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि वे लोग केवल लोकप्रिय लोगों पर निशाना साधते हैं. क्योंकि अलोकप्रिय पर निशाना साधने से उनको कुछ भी हासिल नहीं होगा. उन्हें महिलाओं का सम्मान करना सीखना होगा. अभिनेत्री ने आगे कहा कि पीएम मोदी ने जिस प्रकार महिलाओं के सम्मान के लिए काम किया है उसी प्रकार उन्हें भी करना चाहिए. अपना नामांकन दाखिल करने पहुंची हेमा ने कहा कि किसी ने मेरे बारे में क्या कहा है? मैं इस पर आज बात नहीं करना चाहती हूं क्योंकि मेरे लिए बहुत ही खुशी का दिन है. उन्होंने आगे कहा कि कोई भी क्या बोलता है इससे फर्क नहीं पड़ता. देखिए जिनका नाम होता है चर्चा भी उसी की होती है. बिना नाम चर्चा करके कुछ भी हासिल नहीं होगा. उन्होंने सुरजेवाला के बयान पर हम सभी को पीएम मोदी से महिलाओं के सम्मान के लिए किए जाने वाले कार्यों से सीखना चाहिए.

कंगना का राहुल-प्रियंका पर हमला

हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने राहुल गांधी और प्रियंका पर निशाना साधा है. उन्होंने टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा कि राहुल गांधी मुझे हालात के मारे लगते हैं. मुझे नहीं लगता वे उतने असफल है जितना उन्हें बताया जाता है. बच्चे स्वयं परिवारवाद का शिकार हो जाते हैं. मुझे लगता है राहुल गांधी उसी श्रेणी के हैं. उनकी मां दुनिया की सबसे अमीर औरत है. उनके पास धन-दौलत की कमी नहीं है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital