Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

एक क्लिक में पढ़िए आज की 10 बड़ी चुनावी खबरें: बृजभूषण का टिकट कटा बेटा बना उम्मीदवार तो राहुल अमेठी से लड़ सकते हैं चुनाव

Lok Sabha Election News: लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है. अब हर जगह चुनावों की बात हो रही है. आइए ऐसे में जानते हैं सियासत से जुड़ीं 02 मई की बड़ी खबरें, जिन पर पूरे देश की नजर रही.

Lok Sabha Election 2024

आज की चुनावी सुर्खियां

Election 2024: लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है. चाय की टपरी हो या फिर पान की दुकान, हर जगह चुनाव के चर्चे हो रहे हैं. लोगों की बातें सुन सुनकर ऐसा लगता है कि नेताओं से ज्यादा चुनाव की बातें तो जनता कर रही है. कौन जीतेगा? कौन हारेगा? किसने बदला पाला, किस पार्टी ने किया कौन-सा चुनावी वादा. नेताओं की ओर से एक-दूसरे पर लगाए जा रहे आरोप-प्रत्यारोप के बीच आइए यहां जानते हैं चुनाव से जुड़ी 02 मई की 10 बड़ी खबरें-

“शहजादे को प्रधानमंत्री बनाने के लिए पाकिस्तान उतावला है”, पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के आणंद में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, “संयोग देखिए, आज भारत में कांग्रेस कमजोर हो रही है. मजा ये है कि यहां कांग्रेस मर रही है और वहां पाकिस्तान रो रहा है. कांग्रेस के लिए अब पाकिस्तानी नेता दुआ कर रहे हैं. शहजादे को प्रधानमंत्री बनाने के लिए पाकिस्तान उतावला है, और कांग्रेस तो पाकिस्तान की मुरीद है ही. पाकिस्तान और कांग्रेस की ये पार्टनरशिप अब पूरी तरह एक्सपोज हो गई है.”

इंदौर में कांग्रेस के ‘‘डमी’’ उम्मीदवार ने चुनाव लड़ने के लिए मप्र उच्च न्यायालय में दायर की अपील

इंदौर में कांग्रेस के “डमी” (वैकल्पिक) उम्मीदवार मोती सिंह ने पार्टी के चुनाव चिन्ह के साथ चुनाव लड़ने की अनुमति के लिए मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय में आज बृहस्पतिवार को अपील दायर की. सिंह ने इस अपील में उच्च न्यायालय की एकल पीठ के 30 अप्रैल के उस फैसले को चुनौती दी है जिसमें कांग्रेस के चुनाव चिन्ह हाथ के साथ चुनाव लड़ने की अनुमति की गुहार वाली उनकी याचिका खारिज कर दी गई थी. एकल पीठ ने कहा था कि यह याचिका नियम-कायदों को लेकर गलतफहमी के चलते दायर की गई है. उच्च न्यायालय की युगल पीठ सिंह की अपील पर तीन मई (शुक्रवार) को सुनवाई कर सकती है.

“भारतीय जनता पार्टी को बहुत बड़े मार्जिन से जिताना है…” सपा नेता शिवपाल यादव की फिसली जुबान

सोशल मीडिया पर सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें वह कहते दिखाई दे रहे हैं कि इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को बहुत बड़े मार्जिन से जिताना है. इसके बाद इस वीडियो को लेकर यूपी में सियासत तेज हो गई है और भाजपा ने इसके लिए शिवपाल को धन्यावद दे डाला है. भाजपा प्रत्याशी पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि शिवपाल सिंह यादव के मुंह से उनके दिल की बात निकली है. हम उनके आभारी हैं.

कैसरगंज से करन भूषण सिंह होंगे BJP के उम्मीदवार

बृहस्पतिवार शाम उत्तर प्रदेश की बहुचर्चित कैसरगंज लोकसभा सीट से भाजपा ने छह बार के सांसद रहे बाहुबली बृजभूषण शरण सिंह का टिकट काटकर उनके बेटे करण भूषण सिंह को प्रत्याशी घोषित किया गया. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तरफ से कैसरगंज लोकसभा सीट से प्रत्याशी घोषित किए जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए करण भूषण शरण सिंह ने कहा है कि पार्टी ने उन्हें मौका दिया जिसके लिए वह पार्टी नेतृत्व और कैसरगंज की जनता का आभार व्यक्त करते हैं.

“अमीरों का पेट भरने के लिए प्रधानमंत्री बने हैं मोदी”, मल्लिकार्जुन खड़गे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कर्नाटक के जेवर्गी में एक चुनावी रैली के दौरान पीएम मोदी पर निशाना साधा. खड़गे ने कहा कि नरेन्द्र मोदी जनता का कल्याण सुनिश्चित करने के लिए नहीं बल्कि अमीरों का पेट भरने, देश लूटने में उनकी मदद करने और गरीबों के उत्पीड़न के लिए प्रधानमंत्री बने थे.

प्रधानमंत्री के ‘भटकती आत्मा’ वाले बयान पर अजित पवार बोले…

शरद पवार पर पीएम मोदी के भटकती आत्मा वाले बयान पर भतीजे अजित पवार ने दो दिन बाद टिप्पणी की है. अजित पवार ने कहा कि जब पीएम मोदी ने पुणे में ये बयान दिया था तो वह भी मौजूद थे, लेकिन उन्हें नहीं पता कि प्रधानमंत्री के निशाने पर कौन था. उन्होंने कहा कि “मुझे नहीं पता पीएम मोदी ने अपने बयान में किसका जिक्र किया था.”

प्रज्वल मामले में भाजपा को स्पष्टीकरण देना मुश्किल होगा: थरूर

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने कहा है कि जनता दल (एस) के सांसद प्रज्वल रेवन्ना के पक्ष में चुनाव प्रचार करने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को स्पष्टीकरण देना मुश्किल होगा और इस ‘सेक्स स्कैंडल’ की गूंज केवल कर्नाटक ही नहीं बल्कि लोकसभा चुनाव के शेष चरणों में पूरे देश में सुनाई देगी. प्रज्वल और उनके पिता एवं कर्नाटक के पूर्व मंत्री एचडी रेवन्ना के खिलाफ रविवार को पुलिस ने उनकी एक घरेलू सहायिका की शिकायत के बाद यौन उत्पीड़न और आपराधिक धमकी के आरोप में मामला दर्ज किया। प्रज्वल जद (एस) प्रमुख एवं पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा के पोते हैं.

सर्वेक्षणों की आड़ में मतदाताओं का विवरण मांगना बंद करें राजनीतिक दल: आयोग

निर्वाचन आयोग ने आज बृहस्पतिवार को कहा कि उसने राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों द्वारा अपनी प्रस्तावित योजनाओं के लिए विभिन्न सर्वेक्षणों की आड़ में मतदाताओं का विवरण मांगने को गंभीरता से लिया है, क्योंकि यह चुनाव कानून के तहत भ्रष्ट आचरण के समान है.

राहुल गांधी अमेठी से लड़ सकते हैं चुनाव, आधिकारिक घोषणा आज रात तक होने की उम्मीद: सूत्र

नयी दिल्ली,उत्तर प्रदेश की अमेठी और रायबरेली लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवारों को लेकर संशय के बीच सूत्रों ने बृहस्पतिवार को संकेत दिया कि राहुल गांधी अमेठी सीट से चुनाव लड़ सकते हैं. शुक्रवार को अमेठी और रायबरेली सीट पर नामांकन पत्र दाखिल करने का आखिरी दिन है और इसके मद्देनजर पार्टी के आज रात तक इन दो प्रतिष्ठित निर्वाचन क्षेत्रों से अपने उम्मीदवारों की घोषणा करने की उम्मीद है. सूत्रों ने कहा कि पार्टी ने उत्तर प्रदेश की दोनों सीट पर नामांकन पत्र दाखिल करने की तैयारियां शुरू कर दी है. अमेठी और रायबरेली गांधी-नेहरू परिवार के पारंपरिक क्षेत्र माने जाते हैं क्योंकि इस परिवार के सदस्यों ने कई दशकों तक इन सीटों का प्रतिनिधित्व किया है.

हेमंत गोडसे, भारती पवार और श्रीकांत शिंदे ने नामांकन दाखिल किया

शिवसेना के हेमंत गोडसे और केंद्रीय मंत्री डॉ भारती पवार ने बृहस्पतिवार को लोकसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. गोडसे उत्तर महाराष्ट्र में नासिक और पवार डिंडोरी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव मैदान में हैं. शिवसेना उम्मीदवार और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे ने भी मुंबई के पास कल्याण निर्वाचन क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल किया. भाजपा, शिवसेना और राकांपा के सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन ने डॉ. पवार और गोडसे के नासिक कलेक्टर कार्यालय में अपना पर्चा दाखिल करने से पहले एक भव्य जुलूस निकाला. दोनों मौजूदा सांसद हैं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital