Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

एक क्लिक पर पढ़िए 10 बड़ी चुनावी खबरें: गिरिराज सिंह ने कहा- “दूसरों के इशारे पर बोलते हैं राहुल गांधी” तो हिमंत बिस्वा सरमा ने कह दी कांग्रेस के दो टुकड़ों में बंटने की बात

Lok Sabha Election News: लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है. अब हर जगह चुनावों की बात हो रही है. आइए ऐसे में जानते हैं सियासत से जुड़ी 18 मई की 10 बड़ी खबरें, जिन पर पूरे देश की नजर रही.

Election bulletin

दिन भर की चुनावी सुर्खियां

Election 2024: लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है. चाय की टपरी हो या फिर पान की दुकान, हर जगह चुनाव के चर्चे हो रहे हैं. लोगों की बातें सुन सुनकर ऐसा लगता है कि नेताओं से ज्यादा चुनाव की बातें तो जनता कर रही है. कौन जीतेगा? कौन हारेगा? किसने बदला पाला, किस पार्टी ने किया कौन-सा चुनावी वादा. नेताओं की ओर से एक-दूसरे पर लगाए जा रहे आरोप-प्रत्यारोप के बीच आइए यहां जानते हैं चुनाव से जुड़ी 18 मई की 10 बड़ी खबरें –

कांग्रेस (चुनाव के बाद) दो टुकड़ों में बंट जाएगा- हिमंत बिस्वा सरमा

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, “कांग्रेस (चुनाव के बाद) दो टुकड़ों में बंट जाएगा. एक गांधी परिवार वाली कांग्रेस और दूसरी गांधी परिवार का विरोध करने वाला टुकड़ा. राहुल गांधी दोनों जगह से चुनाव हारेंगे.”

भाजपा को आखिर में 400 पार की आवश्‍यकता क्‍यों पड़ी : दिग्विजय

कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता दिग्विजय सिंह ने आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर लोकसभा चुनाव में 400 सीटें मिलने पर संविधान बदलने का आरोप लगाते हुए सवाल उठाया कि जिस प्रकार से भाजपा के कई सांसद और नेताओं ने संविधान को बदलने की जो मंशा जताई है, वह अपने आप में संकेत देती है कि आखिर में 400 पार की आवश्कता क्यों पड़ी. सिंह ने कहा, ”भारतीय संविधान या लोकतंत्र पर कहीं कोई शंका नहीं थी कि इसके स्वरूप को भी परिवर्तित किया जा सकता है, लेकिन जिस प्रकार से भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और स्वयं प्रधानमंत्री जी 400 पार की घोषणा कर रहे हैं और जिस प्रकार से भाजपा के कई सांसद व नेताओं ने संविधान को बदलने की मंशा जताई है, वह अपने आप में संकेत देती है कि आखिर में 400 पार की आवश्कता क्यों पड़ी.”

सावरकर चुनावी मुद्दा नहीं, मोदी ने की मतदाताओं का ध्रुवीकरण करने की कोशिश: पवार

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) प्रमुख शरद पवार ने कहा कि विनायक दामोदर सावरकर कोई चुनावी मुद्दा नहीं हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यहां अपनी प्रचार रैली के दौरान उनके बारे में बात करके लोगों का ध्रुवीकरण करने की कोशिश की. मोदी ने शुक्रवार को यहां अपने भाषण में पवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी से यह वादा लेने की चुनौती दी कि वह दिवंगत स्वतंत्रता सेनानी और हिंदुत्व विचारक की फिर कभी आलोचना नहीं करेंगे.

गुजरात: भाजपा सांसद और आप विधायक के बीच सरेआम नोकझोंक, वीडियो वायरल

गुजरात में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मौजूदा सांसद द्वारा आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक पर सरकारी अधिकारियों को धमकाने का आरोप लगाए जाने के बाद दोनों नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई. पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी. दोनों ही नेता मौजूदा आम चुनाव में भरूच लोकसभा सीट से उम्मीदवार हैं. भाजपा के भरूच से सांसद मनसुख वसावा और आप के देदियापाड़ा विधायक चैतर वसावा के बीच शुक्रवार को नर्मदा जिले के देदियापाड़ा में तीखी नोकझोंक हुई। इस घटना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया में प्रसारित हो रहा है.

रामपुर लोकसभा सीट की ईवीएम से संबंधित वीडियो फुटेज को सुरक्षित रखेंगे: EC ने कोर्ट से कहा

निर्वाचन आयोग ने दिल्ली उच्च न्यायालय को बताया है कि वह प्रोटोकॉल के अनुसार उत्तर प्रदेश में रामपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र की ‘इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन’ (ईवीएम) की वीडियो फुटेज को सुरक्षित रखेगा. आयोग ने रामपुर से उम्मीदवार एवं वकील महमूद प्राचा द्वारा एक याचिका दायर किये जाने पर अदालत को यह जानकारी दी. उन्होंने वीडियो फुटेज सुरक्षित रखे जाने के लिए अपने निर्वाचन क्षेत्र की ईवीएम के सिलसिले में नियमावली का पालन करने के वास्ते आयोग को निर्देश देने का आग्रह किया था.

राहुल गांधी खुद तो बोल नहीं पाते, दूसरों के इशारे पर बोलते हैं— गिरिराज सिंह

मोदी सरकार के मंत्री गिरिराज सिंह ने आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला. गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी खुद नहीं बोल पाते, वे दूसरों के इशारे पर बोलते हैं. उनको कोई इशारा न करे तो उनको पता ही नहीं होता कि क्या बोलना है. ऐसा व्यक्ति यह वहम पाले हुए है कि वो देश का प्रधानमंत्री बनेगा.

कांग्रेस में ‘शामिल’ होने की बात पर स्वामी प्रसाद मौर्य के बेटे ने कही ये बात

लोकसभा चुनावों के बीच राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य के बेटे उत्कृष्ट मौर्य ने कांग्रेस पार्टी को अपना समर्थन दिया है. इसके बाद अटकलों का बाजार गर्म हो गया है कि वह कांग्रेस में शामिल हो गए हैं. मीडिया से बात करते हुए अपने इस कदम को लेकर उत्कृष्ट ने कहा कि कुछ लोग राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं. कांग्रेस पार्टी में शामिल होने की बात कहीं जा रही है, जो कि पूरी तरह से अनुचित है. उनका कहना है कि पार्टी मुखिया और अपने पिता के निर्देश पर उन्होंने विपक्ष के इंडिया गठबंधन को सिर्फ अपना समर्थन दिया है.

स्मृति ईरानी के लिए रोड शो करने अमेठी पहुंचे अमित शाह

लोकसभा चुनाव—2024 के मद्देनजर चुनाव प्रचार करने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह यूपी के अमेठी पहुंचे. वहां उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) की प्रत्याशी स्मृति ईरानी के समर्थन में रोड शो किया. इस दौरान उनके साथ कई और भाजपा नेता भी मौजूद रहे. चुनाव प्रचार के दौरान अमित शाह ने कांग्रेस और कांग्रेस समर्थित पार्टियों पर हमला बोला. अमित शाह बोले— “अरे ओ इंडी गंठबंधन वालों, एक बात कान खोल कर सुन लो, मोदीजी के रहते कोई भी भारत को नहीं तोड़ सकता.”

पीएम मोदी ने कहा Bulldozer कहां चलाना है योगी जी से ट्यूशन लो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दावा किया है कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई, तो वह अयोध्या में राम मंदिर पर बुलडोजर चला देगी. वह मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश को पलटने का इरादा रखती है और रामलला (Ram Lalla) को वापस तंबू में भेज देगी. उन्होंने आगे कहा, ‘सपा-कांग्रेस वाली सरकार में आए तो रामलला को फिर से टेंट में भेजेंगे और मंदिर पर बुलडोजर चलवा देंगे. क्या योगी जी से यही सिखना है क्या? अरे जरा योगी जी से ट्यूशन लो कि बुलडोजर कहां चलाना है, कहां नहीं चलाना है.’

‘अब आपको डबल सांसद मिलेंगे…’,- बोले बृजभूषण शरण सिंह

बेटे के लिए परसपुर कस्बे में आयोजित एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए भाजपा सांसद बोले, ‘ना बूढ़ा हुआ हूं ना रिटायर हुआ हूं, पहले जितना आपके बीच में रहता था उससे दोगुना आपके बीच में रहूंगा. आपके सुख-दुख में साथी रहूंगा और पूरी ताकत के साथ काम करूंगा.’ वहीं उन्होंने कहा कि “हम सारी समस्याओं को देख रहे हैं. किन-किन गरीबों को अभी घर नहीं मिला है, किस-किस घर में बिजली नहीं है हम देख रहे हैं. हम चुप बैठने वाले नहीं है. अब आपको डबल सांसद मिलेंगे.”



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital