Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

एक क्लिक में पढ़िए आज की 10 बड़ी चुनावी खबरें

Lok Sabha Election News: लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है. अब हर जगह चुनावों की बात हो रही है. आइए ऐसे में जानते हैं सियासत से जुड़ीं 30 अप्रैल की बड़ी खबरें, जिन पर पूरे देश की नजर रही.

lok-sabha-election-2024-top-10-news

आज की चुनावी सुर्खियां

Election 2024: लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है. चाय की टपरी हो या फिर पान की दुकान, हर जगह चुनाव के चर्चे हो रहे हैं. लोगों की बातें सुन सुनकर ऐसा लगता है कि नेताओं से ज्यादा चुनाव की बातें तो जनता कर रही है. कौन जीतेगा? कौन हारेगा? किसने बदला पाला, किस पार्टी ने किया कौन-सा चुनावी वादा. नेताओं की ओर से एक-दूसरे पर लगाए जा रहे आरोप-प्रत्यारोप के बीच आइए यहां जानते हैं चुनाव से जुड़ी 30 अप्रैल की 10 बड़ी खबरें-

कांग्रेस ने राज्य के लोगों को RR टैक्स दे दिया है.. तेलंगाना में बोले PM मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने आज तेलंगाना के संगारेड्डी में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि तेलुगू फिल्म इंडस्ट्री ने भारत को RRR जैसी सुपरहिट फिल्म दी. लेकिन, आज तेलंगाना कांग्रेस ने राज्य के लोगों को RR टैक्स दे दिया है. सभा को संबोधित कहते हुए पीएम मोदी ने आगे कहा कि RRR फिल्म ने पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन किया. लेकिन यह RR टैक्स भारत के लिए शर्मिंदगी बढ़ा रहा है. इस RR टैक्स की तेलंगाना में हर जगह चर्चा है कि तेलंगाना के उद्योगपति, ठेकेदारों को कुछ प्रतिशत RR टैक्स पिछले दरवाजे से देना पड़ रहा है. आरोप है कि यहां कुल जितनी वसूली होती है उसका एक खास हिस्सा RR टैक्स के तौर पर काला धन दिल्ली जाता है.

“इंदौर में लोकतंत्र का चीरहरण किया गया”- जीतू पटवारी

इंदौर लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार अक्षय कांति बम ने अपना नामांकन वापस लेने के बाद बीजेपी का दामन थाम लिया था. जिसको लेकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बीजेपी पर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि इस प्रत्याशी का वैसे ही हरण कर लिया गया, जैसे रावण ने सीता का हरण किया था.

“मुस्लिमों को वोट देने से रोकने की कोशिश हो रही है”- CM ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला है. उन्होंन आरोप लगाया है कि सरकार ने ऐसे इंतजाम किए हैं कि मुस्लिम मतदान न कर पाएं. सीएम ने इस दौरान कहा कि हज पर जाने वालों को शुभकामनाएं, लेकिन हज जाने से पहले वोट दीजिए और फिर हज करने जाइये. जिलों में ऐसी व्यवस्था की गई है जिससे मुस्लिम वोट न दे पाएं. उन्होंने आरोप लगाए कि केंद्रीय सुरक्षा बल बीजेपी के इशारे पर काम कर रही है.

संदेशखाली की पीड़िता रेखा पात्रा को मिली X कैटेगरी की सुरक्षा

लोकसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल की बशीरहाट से बीजेपी ने संदेशखाली की एक पीड़िता को अपना उम्मीदवार बनाया है. अब गृह मंत्रालय ने बीजेपी प्रत्याशी रेखा पात्रा को एक्स कैटेगरी की सुरक्षा दी है. रेखा पात्रा के अलावा बीजेपी के 5 अन्य नेताओं को भी एक्स कैटेगरी की सुरक्षा दी गई है.

पवार ने कहा, नेहरू-गांधी परिवार की तीन पीढ़ियों ने देश के लिए खुद को बलिदान कर दिया

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) अध्यक्ष शरद पवार ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी को ‘शहजादा’ करार देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आलोचना की और कहा कि नेहरू-गांधी परिवार की तीन पीढ़ियों ने देश के लिए खुद को बलिदान कर दिया. अपनी पार्टी के उम्मीदवार के लिए जुन्नार में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए पवार ने कहा कि ‘‘प्रधानमंत्री को पता होना चाहिए कि राहुल गांधी, जिन्हें वह शहजादा कहते हैं, की तीन पीढ़ियों ने इस देश की सेवा की है और अपना जीवन बलिदान किया है.’’

राजस्थान की अजमेर लोकसभा सीट के एक केंद्र पर दो मई को पुन: मतदान होगा

राजस्थान के अजमेर लोकसभा क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर दो मई को पुन:मतदान होगा. चुनाव के दूसरे चरण के कार्यक्रम के तहत इस सीट पर 26 अप्रैल को मतदान संपन्न हो चुका है. मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि अजमेर संसदीय क्षेत्र के निर्वाचन अधिकारी एवं सामान्य पर्यवेक्षक की रिपोर्ट पर 26 अप्रैल को अजमेर जिले के मसूदा विधानसभा क्षेत्र के नान्दसी गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के केन्द्र पर हुआ मतदान निरस्त कर दिया गया है. निर्वाचन आयोग ने नये सिरे से मतदान की तारीख दो मई तय की है.

पंजाब में पूर्व विधायक दलवीर गोल्डी ने कांग्रेस छोड़ी

पंजाब के पूर्व विधायक दलवीर सिंह गोल्डी ने मंगलवार को कांग्रेस छोड़ दी. इससे कुछ दिन पहले ही उन्होंने संगरूर लोकसभा सीट से पार्टी द्वारा टिकट नहीं दिए जाने पर ‘नाखुशी’ जताई थी. कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को भेजे इस्तीफे में गोल्डी ने कहा कि वह राज्य नेतृत्व से ‘परेशान’ थे और इसलिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं. गोल्डी ने अपना इस्तीफा सोशल मीडिया मंच फेसबुक पर साझा किया है.

सामाजिक न्याय नवलोक पार्टी तथा गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने भाजपा को समर्थन दिया

सामाजिक न्याय नवलोक पार्टी तथा गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा को समर्थन देने की घोषणा की. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उत्तर प्रदेश मुख्यालय से मंगलवार को जारी एक बयान में कहा गया कि प्रदेश अध्यक्ष अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी तथा पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह की उपस्थिति में सामाजिक न्याय नवलोक पार्टी तथा गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने प्रधानमंत्री मोदी की सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण की नीति से प्रभावित होकर यहां एक कार्यक्रम में भाजपा को समर्थन देने की घोषणा की.

तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मेरे साथ धक्का-मुक्की की: भाजपा उम्मीदवार

पश्चिम बंगाल के संदेशखालि में तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेताओं के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का चेहरा रहीं और बशीरहाट लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार रेखा पात्रा ने मंगलवार को आरोप लगाया कि चुनाव प्रचार के दौरान उनके साथ सत्तारूढ़ दल के कार्यकर्ताओं ने धक्का-मुक्की की. कथित घटना बशीरहाट लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत खारीडांगा पंचायत में दोपहर के वक्त हुई, जब भाजपा कार्यकर्ता चुनाव प्रचार कर रहे थे.

राबड़ी ने नीतीश पर महिलाओं को अपमानित करने का आरोप लगाया गया

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा हाल में अपनी कुछ चुनावी रैलियों में महिलाओं को लेकर की गई टिप्पणियों के लिए उनकी आलोचना की. राबड़ी देवी ने एक बयान जारी कर प्रश्न किया ,‘‘ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी. आप निरंतर महिलाओं की अस्मिता और गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले आपत्तिजनक बयान क्यों दे रहे हैं.’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री सब काम धाम छोड़ कर महिलाएं क्या करती हैं. वे क्यों ऐसा करती हैं. वे क्या खाती हैं. वे क्या ओढ़ती हैं, वे क्या पहनती हैं. वे बच्चे क्यों पैदा करती हैं। बस इन्हीं सब फालतू बातों में वह (कुमार) लगे रहते हैं.’’



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital