West Bengal assembly Election: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे और अंतिम चरण के लिए 142 सीटों पर मतदान जारी है. लेकिन वोटिंग के बीच ईवीएम (EVM) में धांधली के गंभीर आरोपों ने राज्य की सियासत में भूचाल ला दिया है. भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर आरोप लगाया है कि फाल्टा विधानसभा सीट के कई बूथों पर ईवीएम में बीजेपी के चुनाव चिह्न ‘कमल’ को टेप से ढक दिया गया है, ताकि मतदाता अपनी पसंद का वोट न दे सकें.
बंगाल चुनाव हाइलाइट्स (West Bengal Election Highlights)
- EVM पर विवाद: फाल्टा विधानसभा सीट पर ईवीएम में बीजेपी के चुनाव चिह्न (कमल) पर टेप लगे होने का गंभीर आरोप सामने आया है.
- बीजेपी का हमला: अमित मालवीय ने इसे अभिषेक बनर्जी का ‘डायमंड हार्बर मॉडल’ बताते हुए निशाना साधा है.
- पुनर्मतदान की मांग: भाजपा ने फाल्टा के बूथ संख्या 144 और 189 सहित सभी प्रभावित बूथों पर तुरंत दोबारा वोटिंग (Repolling) कराने की मांग की है.
- चुनाव आयोग का एक्शन: EC ने मामले का संज्ञान लेते हुए स्पष्ट किया है कि अगर ईवीएम पर टेप की पुष्टि होती है, तो उन बूथों पर दोबारा मतदान कराया जाएगा.
- हिंसा की छिटपुट घटनाएं: दूसरे चरण की 142 सीटों पर वोटिंग के दौरान छपरा, भांगड़, निमतला और शांतिपुर जैसे इलाकों से भी हिंसा.
अमित मालवीय का ट्वीट आया सामने (West Bengal Election Evm Tampering)
बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए टीएमसी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा प्रहार किया. मालवीय ने इसे डायमंड हार्बर मॉडल करार दिया और तंज कसते हुए कहा कि यह वही टेम्पलेट है जिसने ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी को अपनी लोकसभा सीट सुरक्षित करने में मदद की थी. उन्होंने लिखा-
‘ममता बनर्जी इसी बात का बचाव कर रही थीं जब उन्होंने डायमंड हार्बर के फाल्टा से TMC के टिकट पर चुनाव लड़ रहे क्रिमिनल जहांगीर खान के लिए आवाज़ उठाई थी. कई पोलिंग बूथ पर, BJP को वोट देने का ऑप्शन टेप से ब्लॉक कर दिया गया है.’
इन पोलिंग बूथों पर धांधली का दावा (Voting Percentage In West Bengal)
भाजपा नेता ने अपने पोस्ट में सबूतों का हवाला देते हुए विशिष्ट पोलिंग बूथों की जानकारी भी साझा की है. उन्होंने फाल्टा विधानसभा के बूथ संख्या 144 (पार्ट 170, रूम नंबर 2 – हरिणडांगा हाई स्कूल) और बूथ 189 का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि यहां भी इसी तरह से हमला किया गया है. भाजपा ने चुनाव आयोग से इन सभी प्रभावित बूथों पर तत्काल प्रभाव से पुनर्मतदान (Repolling) की मांग की है.
This is what Mamata Banerjee was defending when she spoke up for Jehangir Khan, a criminal contesting on a TMC ticket from Falta in Diamond Harbour.
In several polling booths, the option to vote for the BJP has been blocked using a tape, effectively preventing voters from… pic.twitter.com/sKw3mcdA86
— Amit Malviya (@amitmalviya) April 29, 2026
चुनाव आयोग का सख्त संज्ञान (West Bengal Election Update)
मामले के तूल पकड़ने के बाद चुनाव आयोग ने भी इस घटना का कड़ा संज्ञान लिया है. पश्चिम बंगाल चुनाव आयुक्त ने बयान जारी कर स्पष्ट किया है कि अगर ईवीएम के किसी भी बटन को टेप करने की खबरों की पुष्टि होती है और आरोप सच पाए जाते हैं, तो उन बूथों पर निश्चित रूप से दोबारा मतदान कराया जाएगा.
बता दें कि आज सुबह 7 बजे से दूसरे चरण की वोटिंग चल रही है. इस चरण की सबसे हाई-प्रोफाइल सीट भवानीपुर (Bhabanipur) है, जहां खुद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का मुकाबला नंदीग्राम से जीत दर्ज कर चुके कद्दावर नेता सुवेंदु अधिकारी से है. हालांकि, ईवीएम विवाद के अलावा चपरा, शांतिपुर, निमतला और भांगड़ सहित कई इलाकों से सुबह के समय हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आई हैं, जिस पर पुलिस और चुनाव आयोग पैनी नजर बनाए हुए हैं.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

