West Bengal Election Result: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के रुझानों ने राज्य की सियासत में भूचाल ला दिया है. चुनाव आयोग (ECI) के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में भारतीय जनता पार्टी (BJP) प्रचंड बहुमत की ओर बढ़ रही है. इस बीच, आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के अध्यक्ष हुमायूं कबीर ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) की संभावित हार पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि TMC के 15 सालों के कुशासन और भ्रष्टाचार का यह वही अंजाम है, जिसकी उम्मीद की जा रही थी.
‘जनता पर अत्याचार का मिला है जवाब’ (results of west bengal election)
रुझानों में टीएमसी के पिछड़ने पर हुमायूं कबीर ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि ममता सरकार ने अपने कार्यकाल में कई गलत निर्णय लिए. आईएएनएस (IANS) से बात करते हुए उन्होंने कहा, “मैंने पहले ही कहा था कि भाजपा को टीएमसी से अधिक सीटें मिलेंगी. मैं टीएमसी की हार से बहुत खुश हूं. टीएमसी ने लोगों पर अत्याचार किया, राज्य में जमकर भ्रष्टाचार किया. इनको जनता की तरफ से कड़ा जवाब मिलना चाहिए था और इस बार वह जवाब मिल गया है.”
गिनाए ‘कुशासन’ के सबूत (west bengal election results latest)
एजेयूपी (AJUP) प्रमुख ने टीएमसी सरकार की विफलताओं की फेहरिस्त गिनाते हुए कहा कि पार्टी ने अपने 15 साल के कार्यकाल में कोई ठोस काम नहीं किया. उन्होंने कहा, “युवाओं को नौकरियां नहीं मिलीं. राज्य में सड़कों की स्थिति बेहद बुरी है.
शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है. स्वास्थ्य का आलम यह है कि अस्पतालों में एक ही बेड पर तीन-तीन मरीजों का इलाज कर दिया जाता है. इसलिए टीएमसी को सत्ता से बाहर होना ही था.” उन्होंने यह भी जोड़ा कि अगर भाजपा राज्य में आगे बढ़ती है तो उन्हें इससे कोई परेशानी नहीं है, क्योंकि बंगाल की जनता ने ही उन्हें वोट दिया है.
रेजीनगर और नाओदा सीटों पर जीत
अपनी राजनीतिक स्थिति पर बात करते हुए हुमायूं कबीर ने विश्वास जताया कि वे अपनी दोनों सीटों रेजीनगर (Rejinagar) और नाओदा (Naoda) से शानदार जीत दर्ज करने जा रहे हैं. फिलहाल, शुरुआती रुझानों में वे दोनों ही सीटों पर अपनी बढ़त बनाए हुए हैं.
चुनाव आयोग के हैरान करने वाले आंकड़े (west bengal election result 2026)
आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों में से 293 सीटों (एक पर 21 मई को चुनाव) के लिए वोटों की गिनती जारी है. चुनाव आयोग द्वारा दोपहर 1.30 बजे तक जारी किए गए 291 सीटों के रुझानों ने सबकी आंखें फटी की फटी रह गई हैं. इन रुझानों में भाजपा ने 194 सीटों पर भारी बढ़त हासिल कर ली है, जबकि सत्तारूढ़ टीएमसी महज 92 सीटों पर सिमटती दिख रही है.
ये भी पढ़ें: पार्टी के लिए कैसे ‘भगीरथ’ साबित हुए मोदी, जानिए वो रणनीति जिसने बदल दी सत्ता
इसके अलावा, ऑल इंडिया सेकुलर फ्रंट (AISF) 2 सीटों और माकपा (CPM) 1 सीट पर आगे है, जबकि कांग्रेस पूरे पश्चिम बंगाल में शून्य (0) पर बनी हुई है. कुल मिलाकर बंगाल की जनता ने इस बार स्पष्ट बदलाव का जनादेश दे दिया है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

